संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। साइबर ठगों ने अब रिश्तों की आड़ लेकर ठगी का नया तरीका अपनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला गांव किछाना का है, जहां एक व्यक्ति से कनाडा में रहने वाला भांजा बनकर 2.80 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। ठगों ने फर्जी ट्रांजेक्शन रसीद भेजने के साथ अस्पताल में भर्ती एक महिला की तस्वीर दिखाकर पीड़ित को भावनात्मक रूप से अपने जाल में फंसा लिया।
गांव किछाना निवासी कुलबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास एक अज्ञात विदेशी नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को उसका भांजा बताया और बातचीत के दौरान पहले विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने अपनी मजबूरी बताते हुए कहा कि उसे भारत में अपने एक दोस्त के इलाज के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है।
ठग ने कुलबीर के व्हाट्सएप पर एक रसीद भेजी, जिसमें दिखाया गया कि उसने कनाडा से कुलबीर के खाते में 8.16 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए हैं। उसने कहा कि उसके दोस्त को इलाज के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है,राशि में से 2.80 लाख रुपये उसे दे दे।
अस्पताल की फोटो भेजकर किया भावुक
भांजा बने ठग ने कुलबीर की दूसरे व्यक्ति से भी बात करवाई। उस व्यक्ति ने एक महिला की अस्पताल में भर्ती होने की तस्वीर भेजी। तस्वीर देखकर कुलबीर भावुक हो गया।ठगों ने बार-बार फोन कर दबाव बनाया कि यदि अस्पताल में तुरंत पैसे जमा नहीं हुए तो महिला का इलाज रुक जाएगा। रिश्तेदारी और मानवता के नाते कुलबीर ने ठगों द्वारा दिए गए बैंक खाते में कुल 2.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।कुछ समय बाद जब कुलबीर ने अपने असली भांजे से संपर्क करने की कोशिश की, तब उसे पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस जांच अधिकारी विनोद ने बताया कि ठगी का अहसास होने पर कुलबीर ने तुरंत साइबर सेल और स्थानीय पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनके बैंक खातों और मोबाइल लोकेशन की जांच शुरू कर दी है।