03 ढांड 01 करनाल -पटियाला हाईवे के बीच बना हुआ गहरा गड्ढा।
ढांड। करनाल-पटियाला हाईवे पर कौल नहर पुल के नजदीक करनाल की ओर जाने वाली सड़क पर बनी पुलिया के टूट जाने से बना गहरा गड्ढा हादसों का सबब बना हुआ है। रात के समय यह गड्ढा और भी ज्यादा जोखिम भरा हो जाता है।थोड़ी सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ग्रामीण ईशम सिंह, जगदीश, बलजीत, प्रवीण कुमार, सतपाल, राजेंद्र, रणवीर आर्य, सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क के बीच पुलिया का यह हिस्सा काफी समय से कमजोर हो रहा था। अब धीरे-धीरे यह पूरी तरह धंस चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा नहीं है कि आज तक संबंधित विभाग के कर्मचारियों की इस पर नजर ना पड़ी हो। क्योंकि इस सड़क मार्ग से संबंधित विभाग के अधिकारियों का हर रोज आना-जाना लगा रहता है, इसके बावजूद इसको नजर अंदाज किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई स्थायी मरम्मत कार्य नहीं किया गया है, जिससे लोगों में रोष बना हुआ है।
हादसे से बचाव के लिए ग्रामीणों ने अपने स्तर पर गड्ढे के पास लकड़ियों की टहनियां लगाकर सांकेतिक निशान बनाए हैं, ताकि आने-जाने वाले वाहन चालक सतर्क हो जाएं।
बावजूद इसके वाहन चालकों के लिए यह जगह अभी भी खतरे से खाली नहीं है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए और पुलिया की मरम्मत कराकर लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा दी जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले ही स्थिति को संभाला जा सके। संवाद