कार्यक्रम में जागरूक करते हुए डॉ जितेंद्र गिल। विज्ञप्ति
कैथल। विश्व मधुमेह दिवस पर नागरिक अस्पताल कैथल में जागरूकता कैंप लगाया गया। इसमें डॉ. जितेंद्र गिल ने लोगों को मधुमेह के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। गिल ने कहा कि बदलती जीवनशैली और खानपान की आदतों के कारण मधुमेह (डायबिटीज) का खतरा लगातार बढ़ रहा है। अनियमित दिनचर्या, शारीरिक गतिविधियों में कमी, जंक फूड, अधिक मीठे पदार्थों का सेवन, मोटापा और मानसिक तनाव इसके प्रमुख जोखिम कारक हैं।
मधुमेह से बचाव के लिए समय रहते जागरूक होना और दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव करना जरूरी है। आंवले में विटामिन-सी और एंटी ऑक्सीडेंट तत्व पाए जाते हैं, जबकि हल्दी में करक्यूमिन नामक सक्रिय तत्व होता है। इन दोनों को संतुलित आहार में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, आंवला और हल्दी मधुमेह की दवाओं का विकल्प नहीं हैं। इनका सेवन भी अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार करना चाहिए।उन्होंने मधुमेह से बचाव के लिए योग और शारीरिक गतिविधियों को महत्वपूर्ण बताया। नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम और पैदल चलने से शरीर सक्रिय रहता है और वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। उन्होंने मंडूकासन का उल्लेख करते हुए इसे योग प्रशिक्षक की देखरेख में करने की सलाह दी।
नियमित जांच का आह्वान
डॉ. गिल ने लोगों को मीठे पेय पदार्थों और अधिक तले-भुने भोजन से परहेज करने, नियमित व्यायाम करने और वजन नियंत्रित रखने की सलाह दी। जिन लोगों के परिवार में मधुमेह का इतिहास है, उन्हें विशेष रूप से नियमित जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मधुमेह होने पर निर्धारित दवाएं या इंसुलिन अपनी मर्जी से बंद नहीं करनी चाहिए। आयुर्वेदिक औषधियों का सेवन भी चिकित्सक की सलाह से ही करना चाहिए। उन्होंने आमजन से स्वयं जागरूक होने और दूसरों को भी मधुमेह से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जागरूक करते हुए डॉ जितेंद्र गिल। विज्ञप्ति