जंप हेड- नहर कॉलोनी के नाले के ओवरफ्लो होने का मामला, सफाई कराने की जिम्मेदारी से भाग रहे विभाग
हेडिंग- एक-दूसरे के कंधे पर बंदूक तान रहे नगर परिषद व जन स्वास्थ्य विभाग
फोटो नंबर-04
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। दो विभागों के खींचतान के कारण नाले की सफाई का कार्य अधर में लटका पड़ा है। दरअसल करनाल रोड पर स्थित नहर कॉलोनी में पुराना डीसी निवास के सामने का नाला सफाई ना होने का कारण ओवरफ्लो हो रहा है। नाले के ओवरफ्लो होने से वहां के आसपास के दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या का कोई समाधान नहीं होने से दुकानदारों में गहरा रोष भी है। दुकानदारों का आरोप है कि विभागों में कई चक्कर लगाने के बावजूद भी कोई समाधान नहीं हो रहा है।
दुकानदार लखविंद्र, आकाश कालड़ा, कृष्ण अरोड़ा, प्रदीप ढांडा व संतलाल ने बताया कि नाले के ओवरफ्लो की समस्या पिछले एक महीने से ज्यों की त्यों बनी है। नाले का गंदा पानी सड़क पर आ जाता है और उससे इलाके में काफी बदबू होती है, जिस कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों को भी काफी कठिनाई होती है। इस समस्या को लेकर नगर परिषद व जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है। लेकिन इस समस्या के समाधान के लिए कोई विभाग जिम्मेदारी नहीं ले रहा है।
दुकानदार रामदास, विनय, बहादुर, चिराग व अशोक ने बताया कि इस नाले की सफाई को लेकर कई बार शिकायत दी जा चुकी है। इस पर इससे संबधित दोनों अधिकारी ही अपनी अपनी जिम्मेदारी से बचते दिखाई दे रहे है। जन स्वास्थ्य विभाग के एसई को जब इस समस्या की जानकारी दी तो उन्होंने इसकी सफाई का जिम्मा नगर परिषद पर होने की बात कही। लेकिन नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक को नाले की सफाई करवाने का आग्रह किया गया तो उन्होंने भी जन स्वास्थ्य विभाग की इसकी जिम्मेदारी होने की बात कही। दोनों की विभागों के अधिकारी एक दूसरे पर इसकी जिम्मेदारी होने की बात कह रहे है। लेकिन इसका समाधान कोई नहीं कर रहा है।
विभाग एक दूसरे की बता रहे जिम्मेदारी
जन स्वास्थ्य विभाग के एसई देवीलाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह नाला पीडब्लयूडी विभाग की ओर से बनवाया गया है। जबकि इसकी सफाई की जिम्मेदारी नगर परिषद की है। वहीं मुख्य सफाई निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने कहा कि नाले की सफाई जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा करवाई जाती है।