कैथल के सभी चौक-चौराहों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
-निवर्तमान डीसी सुनीता वर्मा ने भी कई बैठकों में जारी किए थे आदेश
-चौक-चौराहों पर पहले से लगे कैमरों की हालत में नहीं हो रहा सुधार
-डीसी ने मीडिया से बातचीत में कहा-हड़ताल के बावजूद 130 में से 109 बसें चलीं
फोटो नंबर-06
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। एक बार फिर से कैथल के डीसी ने शहर में चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त करने व नए लगाने की बात कही है। इससे पूर्व दो बार निवर्तमान डीसी बैठकों में अधिकारियों को इन कैमरों को दुरुस्त करने की बात कह चुकी हैं। लेकिन पहले से लगे कैमरों की हालत में सुधार नहीं आ रहा है। डीसी मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि रोडवेज की हड़ताल के मद्देनजर जनता की सुविधा के लिए ठेकेदार के माध्यम से चालक व परिचालक तैनात किए गए हैं। डिपो की 130 में से 109 बसें चलाई जा रही हैं। जिससे जिले में बसों का संचालन सामान्य है। डीसी ने विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के सामूहिक अवकाश लेने पर कहा कि इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन सरकार को भेज जा रहा है। जिस पर प्रदेश सरकार के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले में फसल अवशेष प्रबंधन के संदर्भ में कहा कि पिछले वर्ष फसल अवशेष जलाने की 1400 घटनाएं हुई थीं, जबकि इस वर्ष प्रदेश सरकार द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन कृषि यंत्रों पर अनुदान देने की योजना तथा किसानों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के परिणाम स्वरूप अभी तक फसल अवशेष जलाने की जिला में लगभग 850 घटनाएं संज्ञान में आई हैं। डीसी ने दीपावली पर्व के अवसर पर जिला में मिठाइयों की गुणवत्ता पर कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मिठाई की सभी दुकानों के सेंपल भरे जाएंगे तथा रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। राजकीय अस्पताल में बच्चे की डिलवरी के संदर्भ में तथाकथित कोताही के मामले की जांच करवाई गई है तथा जांच रिपोर्ट मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर लगे प्रतिबंध को लागू करवाएं। निर्धारित अवधि के दौरान ऐसे वाहनों का शहर में प्रवेश निषेध किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा 2 चौकों पर रेड लाइट लगाई गई हैं तथा शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। उन्होंने एसडीएम कमलप्रीत कौर को हुडा सेक्टर 18 से गुजरने वाली ड्रेन पर 2 पुलों के निर्माण के मामले बारे मुख्यालय से संपर्क करें।