‘हर माह होती है बैठक, काम नहीं होता, काम नहीं करना तो समय खराब न करें’
- सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीसी ने लगाई अधिकारियों को फटकार
कहा- अगले 15 दिन में काम नहीं किया तो कार्रवाई को तैयार रहें अधिकारी
फोटो संख्या-10
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हर महीने बैठक होती है, वही सारे इश्यू रहते हैं। जब काम नहीं होता तो उसका कोई फायदा नहीं। काम नहीं करना तो समय खराब न करें। मैं 15 दिन में फिर बैठक लूंगी। जिन अधिकारियों को जो निर्देश दिए गए हैं, उसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट लेकर आएं। काम नहीं हुआ तो कार्रवाई होगी। सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक में हर बार होने वाले एजेंडों पर कार्रवाई न होने पर डीसी सुनीता वर्मा ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। साथ ही अगली बैठक तक काम न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
बैठक में डीसी चौक-चौराहों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों द्वारा की जा रही ड्यूटी से भी क्षुब्ध दिखीं और कहा कि नया बस अड्डा हो या चौक के आस-पास का क्षेत्र। यहां पुलिस कर्मचारी नहीं दिखते। अगर वो काम नहीं करते तो ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वे मोबाइल में गेम खेलते रहते हैं। वीडियो देखते रहते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। डीसी ने लोक निर्माण विभाग, नगर परिषद सहित ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी कार्यालय के अधिकारियों बात-बातों में जमकर खिंचाई की और केवल इन्हीं तीन विभागों की अगले 15 दिन में फिर से बैठक लेने के निर्देश दिए।
बैठक में जारी किए निर्देश
1. बस स्टैंड व पार्क रोड पर अवैध रूप से खड़ी रेहड़ियों को तुरंत हटवाया जाए। यह काम पुलिस करेगी।
2. हर बैठक में होने वाली चर्चा अनुसार सीसीटीवी कैमरों का इश्यू भी चर्चा में आया।
3. डीसी ने बताया कि उन्होंने शहर की लाइटों का सोमवार की रात को निरीक्षण करवाया है। 30 प्रतिशत से ज्यादा लाइटें बंद हैं। इन्हें अगले सोमवार तक हर हाल में ठीक करवाया जाए। डीसी ने प्वाइंट भी गिनवाएं। जहां लाइटें खराब हैं।
4. शहर में स्पीड ब्रेकर, अस्पताल, स्कूल या अन्य संस्थानों की सूचना देने वाले साइन बोर्ड लगाने को कहा।
5. पिहोवा चौक एवं करनाल चौक पर लगाई गई रेड लाइटों पर सुविधाजनक आवागमन के लिए आर्च मार्क लगाए जाएं। इन दोनों चौकों पर जेब्रा क्रॉसिंग के संकेत अंकित कर दिए गए हैं।
6. शहर की मुख्य तीन आंतरिक सड़कों पर कैट्स आई के संकेत भी लगवाए जाएं।
7. रेलवे क्रॉसिंग जींद-अंबाला रोड पर बने अंडर पास में गड्ढे भरवाने और लाइटें लगवाने को कहा
8. ढांड चौक पर नगर परिषद के अधिकारियों को हाई मास्ट लाइट लगवाने के निर्देश दिए।
9. पिहोवा चौक से अंबाला रोड पर स्थित होटलों, अस्पतालों एवं कोचिंग सेंटरों के बाहर सड़क पर लगाई गई सफेद पट्टी के अंदर वाहन पार्किंग नहीं होनी चाहिए।
10. रेलवे स्टेशन पर पार्किंग की सुविधा के लिए डीसी ने रेलवे के सुपरीटेंडेंट को बुलाने के निर्देश दिए।
11. करनाल रोड को लघु सचिवालय के निकट ढांड रोड से जोड़ने वाली सड़क की ग्रीन बेल्ट अस्त-व्यस्त है। एसडीएम को इसे ठीक करवाने को कहा
छोटा सा शहर है कैथल, नियुक्तियां होती रहती हैं, कुछ करके जाओगे तो लोग याद करेंगे : डीसी ने कहा कि अधिकारियों की नियुक्तियां होती रहती हैं। लेकिन यदि कुछ करके जाओगे तो लोग याद करेंगे। इसलिए ऐसा कुछ करो कि लोगों को पता चले। यहां के लोग थोड़ा सा होने पर भी आभार जताना नहीं भूलते। आप कुछ कीजिए तो। शहर छोटा सा है। यहां स्लम नहीं हैं। ज्यादा उद्योग नहीं हैं। अर्बन एरिया छोटा है। पांच-सात मुख्य चौक हैं। इसे चमकाएं। ताकि लोगों को पता चलेे कि उनके शहर में काम हो रहा है। लाजपतराय सिंगला, आरएसओ कमेटी सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दे बैठक में उठाए।
बैठक में एसडीएम कमलप्रीत कौर, जीएम रोडवेज रामकुमार, डीईओ जोगिंद्र हुड्डा, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के कार्यकारी अभियंता आशीष गुप्ता सहित अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।