गंदगी के ढेर देखकर डीसी की तनी भौहें, सीएसआई को लगाई फटकार
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शहर में लगातार मिल रही सफाई व पानी निकासी न होने की शिकायतों के बीच डीसी सुनीता वर्मा ने बुधवार को कई इलाकों का दौरा किया। कई जगह गंदगी के ढेर देखकर डीसी ने अधिकारियों को मौके पर ही फटकार लगाई और सुधार के आदेश दिए। डीसी ने रेलवे अंडर ब्रिज सहित कई इलाकों का दौरा कर पानी की निकासी के निर्देश दिए।
सबसे पहले डीसी लघु सचिवालय से बस स्टैंड की ओर निकली जहां उन्होंने फाटक से निकलते ही फैली गंदगी को देखा। साथ ही फाटक की सड़क पर बने गड्ढ़ों में बर्म की मिट्टी डालने के आदेश भी दिए। इसके बाद हनुमान वाटिका के समीप स्थित बने नालों में सफाई व्यवस्था को जांचा। यहां के बाद डीसी ढांड रोड पर पहुंची जहां उन्होंने पौधों की ठीक ढंग से देखभाल करने के सख्त निर्देश दिए। ढांड रोड के बाद डीसी ने आरकेएसडी कॉलेज के बाहर स्थित नाले को देखा जो खुला पड़ा था और यह हादसों को न्यौता दे रहा था। जिस पर डीसी ने एक्सईन को इसे ठीक करवाने के निर्देश दिए। डीसी ने पानी निकासी के समाधान के लिए कहा तो एक्सईन ने कहा, मैडम रेलवे विभाग करवाएगा।
इसके बाद डीसी जींद रोड पर स्थित रेलवे अंडरब्रिज पर पहुंची। जहां उन्होंने पानी की निकासी न होने पर अधिकारियों से सवाल किया तो पता चला कि यह रेलवे के अंडर है। इसके बावजूद डीसी ने पानी की निकासी के अदेश दिए और कहा कि वे इस संबंध में रेलवे को भी लिखेंगी। इसके बाद डीसी ने पुराना बस स्टैंड परिसर में निर्माणाधीन बैंक व सिटी स्क्वेयर का भी जायजा लिया। जिस दौरान डीसी ने वहां गंदगी देखी तो उन्हें काफी गुस्सा आ गया। डीसी ने गंदगी को देखकर सीएसआई को जमकर फटकार लगाई और कहा कि आपकी आंखें बंद है क्या? जो आपको गंदगी दिखती नहीं है। अपनी नौकरी में बिल्कुल भी कोताही न बरतकर नियमित तौर पर सभी कचरा कोलेक्शन केंद्रों से कचरा उठावाएं।
दौरे के दौरान यह रहा रूट
शहर की जन समस्याओं के दौरान डीसी ने पिहोवा चौक से अंबाला बाईपास तक सड़क के किनारे बने निकासी नालों, कमेटी चौक से गीता भवन मंदिर के पास पुराना किला परिसर में प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग स्थल, माता गेट, चीका बाईपास, सिरटा बाईपास, मानस ड्रेन से होते हुए कैथल-खनौरी बाईपास से गुजरते हुए अंडरपास का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के एक्सईन कुलदीप सिंह, नगर परिषद के एमई राजकुमार शर्मा, हिमांशु लाटका सहित उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
बारिश का मौसम खत्म होने वाला है। जिस पर शहर में फैली गंदगी, टूटी हुई सड़कों, जाम की समस्या को लेकर सभी प्रमुख मार्गों व अन्य समस्याओं का जायजा लिया गया है। जिसके समाधान के लिए संबधित अधिकारियों को निर्देेंश दिए गए है। पूरे एक महीने बाद दोबारा से शहर का दौरा किया जाएगा। इसके साथ ही रेलवे अंडरब्रिज पर पानी निकासी की समस्या को लेकर रेलवे अधिकारियों को लिखा जाएगा। जाम की समस्या पर एसपी से बात कर इससे छुटकारा पाने की रणनीति बनाई जाएगी।
सुनीता वर्मा, डीसी, कैथल।