पंजाब से आने-जाने वाली बसें बंद होने से भटके यात्री
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। एसवाईएल के पानी को लेकर सोमवार को इनेलो के कार्यकर्ताओं के वाहन रोको अभियान के तहत सुरक्षा की दृष्टि से पंजाब जाने वाली हरियाणा रोडवेज व पंजाब से आने वाली पंजाब रोडवेज की सभी बसें बंद रही। इसके साथ ही जिला पुलिस प्रशासन की ओर से गुहला व खनौरी बार्डर पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पंजाब जाने वाले रास्तों पर स्थित पांच चौकियों की पुलिस भी अलर्ट रही।
54 बसों के रद हुए 58 चक्कर
बस स्टैंड के एसएसआर परवाना राम ने बताया कि पंजाब से कैथल और कैथल से पंजाब में जाने वाली रोजाना 24 बसें चलती है। जिसमें से एक बस अमृतसर, दो बस कटरा, छह बस पटियाला के 15 चक्कर व चार बसें खनौरी के 10 चक्कर लगाती है। पंजाब रोडवेज की एक बस वाया कैथल से दिल्ली, 12 खनौरी व 17 बसें पटियाला के लिए चलती है। ये सभी बसें आने जाने में करीब 58 चक्कर लगाती है। जो सोमवार को बंद रहीं।
बसें न मिलने से भटके यात्री
सोमवार को पंजाब जाने व वहां से आने वाली बसों के बंद होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पटियाला जाने वाले यात्रियों को चीका बार्डर व वहीं खनौरी व पातड़ा की ओर जाने वाले बसें संगतपुरा बार्डर तक ही बस में सफर करना पड़ा। जिस कारण उन्हें बार्डर को पार करने के बाद पंजाब रोडवेज की बसें मिली। पटियाला निवासी जागीर कौर ने बताया कि वह रविवार को किसी कार्य के लिए कैथल आई थी। जिसके बाद वे अगले दिन पटियाला वापिस जाना था। लेकिन बसों के बंद होने के कारण उसे काफी परेशानी हुई। उसे करीब एक घंटे बाद पटियाला की बस तो मिली लेकिन वह केवल बार्डर तक ही गई।
रविवार रात से ही बंद हो गई थी बसें
एसवाईएल मामले में इनेलो द्वारा पंजाब बॉर्डर पर वाहन रोके जाने के कार्यक्रम को लेकर रविवार रात को ही नाइट रूट को बंद कर दिया गया था।
गुहला में नहीं दिखा ज्यादा असर
इनेलो का पंजाब की तरफ से आने वाले वाहनों को रोकाने का गुहला चीका में कोई असर देखने को नहीं मिला। हालांकि हरियाणा रोडवेज ने एहतियात के तौर पर अपनी बसें पंजाब की तरफ नहीं भेजी। इनेलो के कार्यक्रम के अनुसार पार्टी का कोई भी छोटा बड़ा नेता या कार्यकर्ता वाहन रोकने नहीं पहुंचा। बार्डर पर होने वाले तनाव को रोकने के लिए गुहला प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। जहां एक तरफ गुहला प्रशासन ने तहसीलदार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर घग्गर नदी के पुल पर पुलिस बल तैनात किया था वहीं पंजाब की तरफ से भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। जीएम राम कुमार ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर बसों को बंद किया गया था।