30 ग्राम स्मैक के साथ एक गिरफ्तार
कैथल। सीआईए-1 पुलिस के नशा तस्करी निरोधक सेल ने गस्त दौरान शहर क्षेत्र से सिरटा रोड निवासी एक आरोपी को 30 ग्राम स्मैक सहित काबू किया है। वह कैथल क्षेत्र में नशा सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी बताया गया है।
एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच प्रथम प्रभारी इंस्पेक्टर महाबीर सिंह की अगुवाई में एएसटी इंचार्ज राजेंद्र सिंह, एएसआई सुभाष चंद, एएसआई कृष्ण कुमार व हेडकांस्टेबल राजेश कुमार की टीम पाडला बाईपास के पास निर्माणाधीन चल रही एक धर्मशाला के पास से एक संदिग्ध युवक को 30 ग्राम स्मैक के साथ काबू किया गया। उससे पूछताछ जारी है।
दूसरी ओर एक अन्य मामले में सीआईए-1 पुलिस द्वारा तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसका वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामदगी के लिए अदालत से एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस अधीक्षक सुमेर प्रताप सिंह ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सीआईए-1 पुलिस के एएसआई जितेंद्र द्वारा करीब 22 वर्षीय आरोपी सोनू निवासी सिरसल को भादसं. की धारा 307,120बी,34 तहत गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया 29 मई की देर रात धेरडू रोड़ कौल स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन महावीर निवासी कारसा को चाकूओं से हमला कर घायल कर दिया था। इस मामले में आरोपी जगदीश व विशाल निवासी सिरसल पहले ही गिरफ्तार कि ए जा चुके है। केमिस्ट का धंधा करने वाले जगदीश ने किसी पुरानी मामूली रंजिश कारण आरोपी सोनू व विशाल को 10-10 हजार रुपये देने का लालच देते हुए महावीर पर पूर्व नियोजित आपराधिक षडयंत्र के तहत कातिलाना हमला करवाया था। आरोपी सोनू 20 जून को अदालत में पेश किया जाएगा।