नई मंडी में सड़क तक आया धान। संवाद
कैथल। जिले की अनाज मंडियों में खरीफ सीजन के दौरान धान की खरीद और उठान का कार्य अंतिम चरणों में है। जिले की मंडियों में अब तक 91 प्रतिशत धान का रिकॉर्ड उठान किया जा चुका है। हालांकि लगभग 69 हजार मीट्रिक टन धान अभी भी कट्टों में बंद पड़ा है। इस बीच ट्रांसपोर्टर की अपील पर अदालत से मिले स्टे के बाद अब मिलर अपने वाहनों से उठान नहीं कर सकेंगे। इससे आगामी दिनों में मंडियों में दोबारा जाम लगने की स्थिति पैदा हो सकती है। प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार, जिले की विभिन्न मंडियों में अब तक कुल 8.22 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है। इसमें से विभिन्न सरकारी खरीद एजेंसियों की ओर से 7.80 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। खरीदे गए कुल धान में से 7.11 लाख मीट्रिक टन का उठान गोदामों और मिलों तक कर दिया गया है। सरकार की मेरी फसल मेरा ब्योरा नीति के तहत अब तक 87,055 सत्यापित किसानों के खातों में 1,704 करोड़ रुपये की राशि भेजी जा चुकी है।
गाड़ियों की कमी
मंडियों में उठान की धीमी गति के कारण आढ़ती और किसान परेशान थे। इस समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने राइस मिलर्स एसोसिएशन के साथ समन्वय किया था। ट्रांसपोर्टर की गाड़ियों की किल्लत को देखते हुए प्रशासन ने मिलरों की गाड़ियों को सीधे मंडियों से उठान कार्य में लगा दिया था ताकि खरीद सुचारू रूप से चलती रहे। अब ट्रांसपोर्टर ने अदालत में अपील दायर कर प्रशासनिक व्यवस्था को चुनौती दी, जिस पर अदालत से ट्रांसपोर्टर के पक्ष में स्टे मिल गया है। इस नए आदेश के बाद अब नियमतः राइस मिलर सीधे उठान नहीं कर सकेंगे और पूरा उठान केवल अधिकृत ट्रांसपोर्टर की गाड़ियों के माध्यम से ही किया जाएगा। आढतियों के आरोप है कि ट्रांसपोर्टर के पास पहले से ही गाड़ियों की भारी किल्लत है, ऐसे में राइस मिलरों की गाड़ियां हटने के बाद मंडियों में पड़ा 69 हजार एमटी धान का उठान लटकने की आशंका बढ़ गई है।
-
वर्जन
मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र ढुल का कहना है कि अब केवल न के बराबर उठान बाकी है। जल्द ही उसे भी पूरा कर लिया जाएगा। मंडियों में बासमती की आवक से थोड़ी भीड़ बढ़ी है।
नई मंडी में सड़क तक आया धान। संवाद