संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शिक्षा विभाग ने जिले में वीरवार को बुनियाद स्तर दो की परीक्षा करवाई। परीक्षा के लिए बुनियाद स्तर एक की परीक्षा पास करने वाले 1366 विद्यार्थी चयनित थे। इनमें से 1280 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी है। 86 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
जिले के तीन केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित हुई। जिसमें राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली अड्डा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल, आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ग्योंग कैथल में बुनियाद स्तर -दो की परीक्षा हुई। इस परीक्षा में विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया।
गौरतलब है कि बुनियाद स्तर एक की पहले चरण की परीक्षा दो फरवरी को आयोजित हुई थी। 20 फरवरी को पहले स्तर के आए परीक्षा परिणाम में 1366 बच्चों का चयन हुआ था। बुनियाद स्तर की परीक्षा में 1366 विद्यार्थियों में से 1280 विद्यार्थी ने यह परीक्षा दी है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जखोली अड्डा में 455 में से 424 विद्यार्थियों ने, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल केंद्र पर 455 विद्यार्थियों में से 424 विद्यार्थियों ने व आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ग्योंग में 457 विद्यार्थियों में से 432 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जखोली अड्डा केंद्र का जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष वर्मा व जिला विज्ञान विशेषज्ञ अनिल तंवर ने निरीक्षण किया। बुनियाद स्तर दो परीक्षा का परीक्षा परिणाम 11 मार्च 2024 को जारी किया जाएगा। जो विद्यार्थी बुनियाद स्तर दो की परीक्षा पास कर करेंगे वह बुनियाद स्तर तीन की परीक्षा में भाग लेंगे। तीसरे चरण में पास होने वाले विद्यार्थियों को बुनियाद केंद्र पर शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिलेगा।
सभी केंद्रों पर शांतिपूर्वक परीक्षा हुई है। बुनियाद स्तर दो परीक्षा का परिणाम 11 मार्च को आएगा। इसके बाद तीसरे चरण की परीक्षा होगी। बुनियाद के लिए दूसरे चरण में 1366 विद्यार्थियों में से 1280 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी है।
-अनिल तंवर, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी।