बुजुर्गों की रेस में ईश्वर सिंह ने जीता गोल्ड मेडल
फोटो नंबर-36
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। दी इंटरनेशनल रिलीफ ग्रुप कौल के तत्वावधान में महर्षि दयानंद जयंती की स्मृति में चौथी एथलेटिक्स मीट का रविवार की देर शाम को समापन हुआ। जिसमें प्रसिद्ध समाज सेवी भाग सिंह कौल मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिला चेयरमैन पवन कौल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सरपंच प्रतिनिधि डॉ. सतपाल साकरा ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
इस प्रतियोगिता में लड़के व लड़कियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में हिस्सा लिया। जिसमें 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 1600 मीटर व 5000 हजार मीटर दौड़ करवाई गई। सभी वर्गों में लॉन्ग जंप व लड़काें के ओपन वर्ग में हाई जंप करवाए गए खेलकूद प्रतियोगिता में 60 वर्ष के बुजुर्गों की दौड़ खेल प्रेमियों के लिए मुख्य आकर्षण बनी रही। साथ ही मनोरंजक खेल नींबू चम्मच रेस, एक टांग की दौड़, तीन टंगी दौड़, म्यूजिकल चेयर रेस आदि करवाए गए। मास्टर रणबीर सिंह आर्य ने बताया कि जिलास्तरीय 1600 मीटर दौड़ में प्रथम संजय कुमार, द्वितीय सोनू व तृतीय स्थान पर अंकुश रहा। अंडर-17 लड़कों के लॉन्ग जंप में शुभम ने प्रथम, अमित ने दूसरा व साहिल ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कों के ओपन वर्ग के हाई जंप में रोहित पहले, ओमजीत दूसरे व तीसरे स्थान पर आशुतोष रहा। पांच हजार मीटर दौड़ में दीपक ने प्रथम स्थान पाया। 100 मीटर ओपन लड़कियों में एकता ने पहला स्थान पाया। बुजुर्गों की रेस में ईश्वर सिंह ने गोल्ड मेडल व रामकुमार ने सिल्वर मेडल व रामस्वरूप घाती ने ब्रांज मेडल व ट्राफी जीती। प्रतियोगिता में सबसे आकर्षण का केंद्र रही बुजुर्गों की दौड़ का जहां उम्र के अंतिम पड़ाव पार करने वाला 80 वर्षीय बुजुर्ग रामस्वरूप घाती भी इस दौड़ में शामिल हुआ। 80 वर्षीय रामस्वरूप तीसरे स्थान पर आए।