पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे लोग
फोटो नंबर-11
अमर उजाला ब्यूरो
सीवन। क्रांति मोहल्ला, सनातन धर्म मोहल्ला व आंबेडकर भवन के सामने के मोहल्ले में पिछले 6 महीने से पीने के पानी की समस्या जारी है। तीनों मोहल्लों में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जिससे लोगों को दूर दराज के क्षेत्रों से पानी लाने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
मोहल्ला निवासी ओम प्रकाश, विक्की खट्टर, जितेंद्र, भुपेंद्र, जयपाल, मेवा राम, चांदी, रमेश, संतरो, काला, धन्नो, फूल चन्द ने बताया कि सीवरेज की खुदाई के कारण कई स्थानों पर पेयजल के पाइप टूट गए हैं। जिन्हें बार बार कहने पर भी ठीक नहीं किया गया जिसके कारण इस प्रकार की समस्या आ रही है। इसके अलावा अस्पताल के सामने घूमगढ़ मोहल्ला में दूषित पानी की आपूर्ति पिछले लंबे समय से हो रही है। पानी के कारण कई लोग तो बीमार भी हो चुके हैं। आप पार्टी के पूर्व हलका प्रधान गुरमीत सिंह ने पेयजल संकट से जूझ रहे मोहल्लों का दौरा किया लोगों की समस्या सुनी।
जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ वेदपाल ने कहा कि सीवन में सीवरेज का कार्य चल रहा है जिसके कारण कई स्थानों पर पेयजल के पाइप टूटने से इस प्रकार की समस्या सामने आ रही है। जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा। कई स्थानों पर पाइप डाले जाने हैं। पाइप डलने के बाद इस प्रकार की समस्या नहीं आएगी।