आरोपी ने समर्थकों के साथ फूंका विधायक का पुतला
-विधायक बाजीगर के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गुहला-चीका। गुहला के विधायक कुलवंत बाजीगर के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में एससी एक्ट के अंतर्गत नामजद हरदीप सिंह बदसूई ने वीरवार को अपने साथियों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। हरदीप सिंह ने कहा कि वह विधायक के प्रबल राजनीतिक विरोधी नोदी चीका का समर्थक है और विधायक ने उसे सबक सिखाने के लिए ही एससी एक्ट को हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया है। प्रदर्शन में साथ साथ चल रहे नोदी चीका ने मामले को पूरी तरह झूठा करार देते हुए कहा कि किसी ने हरदीप बदसूई की फेसबुक आईडी हैक करके उक्त टिप्पणी लिखी गई है। हरदीप को जैसे ही उक्त टिप्पणी का पता चला उसने तुरंत उसे डिलीट भी कर दिया। नोदी ने कहा कि एससी एक्ट दलितों को कवच के तौर मिला है। विधायक को इसे हथियार के तौर पर इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
नोदी के साथी जगदेव सीड़ा ने कहा कि विधायक अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज के खिलाफ मामला दर्ज करवा उसे दबाने का प्रयास करता है लेकिन यह जनता की आवाज है जो उनके हर गलत काम के खिलाफ उठती रहेगी।
गाली नहीं, आलोचना करो:-इस मसले पर विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि बेशक राजनीति में दोस्त भी होते हैं और विरोधी भी लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कोई आप के पारिवारिक सदस्यों के बारे में फेसबुक जैसे सोशल साइट के माध्यम से गाली देकर बात करे। यह कानून की नजर में तो गलत है ही समाज के नजरिये से भी अनैतिक है। अगर किसी को उनकी कार्यप्रणाली गलत लगती है तो जी भरकर विरोध करे, मैं स्वागत करूंगा। हरदीप बदसूई के खिलाफ दर्ज मुकदमे के बारे में विधायक ने कहा कि मैं बाहर हूं। मुकदमा मेरे बेटे साहब सिंह ने दर्ज करवाया है। अगर आरोपी पक्ष आकर अपनी गलती मानता है तो वे माफी देने पर भी विचार कर सकते हैं।
बदसुई निवासी हरदीप के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने को लेकर शिकायत मिली थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आरोपी हरदीप के खिलाफ आईटी एससी एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तेजी से जांच की जा रही है। आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।
सुल्तान सिंह, डीएसपी गुहला।