पालकी में सवार कान्हा का किया अभिनंदन
कैथल। श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति द्वारा शनिवार को कान्हा की पालकी का दरबार रामबतरा के निवास स्थान प्रताप गेट पर सजाया गया। महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के आशीर्वाद से प्रभात फेरियां निकालने का क्रम निरंतर जारी है। शनिवार को रामबतरा के निवास स्थान प्रताप गेट पर पालकी में सवार कान्हा जी का भव्य अभिनंदन किया गया। प्रभात फेरी की शुरुआत उनके निवास से श्री कान्हा जी के समक्ष ज्योति प्रज्ज्वलित कर की गई। प्रभात फेरी पंसारियां मोहल्ला, हनुमान मंदिर, प्रताप गेट के साथ लगती गलियों में कान्हा का गुणगान करते हुए निकली। कान्हा को समर्पित भजनों की सरगम के बीच प्रभात फेरी की परिक्रमा गलियों में करवाई गई। विभिन्न स्थानों पर प्रताप गेट के निवासियों ने प्रभात फेरी का फूल मालाओं से स्वागत कर कान्हा को झूला झुलाया। प्रभात फेरी का समापन रामबतरा के निवास स्थान प्रताप गेट पर वापिस आने पर संकीर्तन के साथ हुआ। इस अवसर पर राजेश शर्मा, राजेश बंसल, सन्नी चुघ, प्रभा पाठक, प्रेम पाठक, विनोद शर्मा, राकेश गोयल, राजेन्द्र अरोड़ा, वर्षा रानी, संजय सेतिया, राजेश डोलिया, रमेश पाहवा, सुषम कपूर, शिव गर्ग, सुरेश डालिया आदि मौजूद थे।