चीका में दूसरे दिन कटी तीसरी चोटी, दहशत में लोग
अमर उजाला ब्यूरो
गुहला-चीका। शुक्रवार की रात को हाउसिंग बोर्ड कालोनी चीका में भी एक महिला की चोटी कटने का मामला सामने आया है। चोटी कटने के बाद बेहोश हुई महिला को परिजनों ने महावीर दल अस्पताल में भर्ती करवाया है। अस्पताल में इलाज करवा रही महिला मनजोत कौर ने सुबह होश में आने के बाद बताया कि उसका पति विदेश में रहता है। वह अपनी चौदह वर्षीय बेटी के साथ रात को अपने घर में ठीक ठाक सोई थी और सुबह जब आंख खुली तो वह अस्पताल के बिस्तर पर थी। परिजनों के मुताबिक महिला की बेटी रात के समय बाथरूम जाने के लिए उठी थी तो देखा कि उसकी मां बिस्तर पर बेहोश पड़ी है और उसके बालों का कटा हुआ एक गुच्छा बेड के नीचे पड़ा है। महिला मनजोत कौर ने बताया कि उसे नहीं पता कि कब वह बेहोश हुई आर कब उसके बाल कटे। इस घटना के अलावा भी पास के गांव रीवाड़ जागीर व चाणचक में महिलाओं की चोटी कटने की घटनाओं की जोरों पर लेकिन उनकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की बारीकि से जांच कर रही है।