कैथल। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से जिले में आयोजित 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही हैं। नकल पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से पांच उड़नदस्ता टीमें सक्रिय रूप से तैनात की गई हैं।
यह जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने मंगलवार को आयोजित उड़नदस्ता टीमों के मुखियाओं की बैठक के दौरान दी। बैठक में अब तक संपन्न हुई परीक्षाओं की समीक्षा की गई और आगामी परीक्षा दिवसों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
डीईओ ने बताया कि जिले के सभी 74 परीक्षा केंद्रों को 9 रूटों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक उड़नदस्ता को प्रतिदिन अलग-अलग रूट आवंटित किए जाते हैं, ताकि सभी केंद्रों का नियमित और प्रभावी निरीक्षण सुनिश्चित हो सके। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त स्टाफ की तैनाती के साथ परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
नकल रहित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त उड़नदस्ता, बोर्ड अध्यक्ष उड़नदस्ता, उपमंडल अधिकारी उड़नदस्ता, जिला शिक्षा अधिकारी उड़नदस्ता तथा प्रश्नपत्र उड़नदस्ता नियुक्त किए गए हैं। संवाद
सभी टीमें परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों का भी सकारात्मक सहयोग मिल रहा है, जिससे परीक्षाएं सुचारू रूप से संपन्न हो रही हैं। प्रत्येक दिन की मॉनिटरिंग रिपोर्ट शाम को संकलित कर समीक्षा की जाती है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।