निकासी नही होने से गलियां बनी तालाब, शिकायत के बावजूद नहीं हो रहा समाधान
फोटो नंबर-31
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। गांव बात्ता में गंदे पानी की निकासी न होने के कारण नथवान पट्टी और बड़ी आल पत्ती के लोगों को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर है। तालाब का पानी ओवर फ्लो होने से लगभग दो महीने से गंदा पानी गलियों में जमा होने के कारण लोगों में भारी रोष है। ग्रामीण राम सिंह, सुरेश, रामकुमार, हिसम सिंह, विक्की राणा, रमेश, बेगचंद, जोनी, टेकचंद ने बताया कि तालाब के ओवर फ्लो होने से सरकारी स्कूल कर ओर जाने वाली गली के साथ साथ दूसरी गलियां भी पानी से लबालब हो गई थी। निकासी न होने के कारण लोगों को भारी परेशान का सामना करना पड़ रहा है। पिछले काफी समय से निकासी की समस्या ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बनी हुई है। कई बार स्थानीय से लेकर जिला प्रशासन तक अधिकारियों को स्थिति से अवगत करवाया जा चुका है। इसके बावजूद हालात जस के तस है। निकासी ठप हो जाने से गलियों के साथ-साथ घरों के अंदर भी गंदा पानी दस्तक दे रहा है। गलियां, घर और दूसरे निर्माण निरंतर धंस रहे है। गांव की निकासी व्यवस्था चौपट है। ग्रामीणों का कहना है कि गंदे पानी के भराव के कारण लोगों में संक्रामक व वायरल जैसी गंभीर बीमारियों का प्रकोप है।उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द पानी निकासी का समाधान किए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों की आपसी सहमति के कारण अधर में लटका कार्य: सरपंच
सरपंच पवन शर्मा ने बताया कि कुछ समय पूर्व तालाब की खुदाई व चारदीवारी के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। कुछ ग्रामीणों की आपसी सहमति न बनने के कारण काम अधर में लटका है।