पाई पहुंची इनेलो की जन अधिकार रथ यात्रा का लोगों ने किया स्वागत, अभय चौटाला ने दुष्यंत पर साधा निशाना
कहा- जो लोग खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बता रहे, वे इनेलो के दम पर ही संसद व विधानसभा में पहुंचे हैं, वरना सरपंच भी नहीं बन पाते
फोटो संख्या-17 व 19
अमर उजाला ब्यूरो
पाई (कैथल)। विपक्ष के नेता एवं इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला ने दुष्यंत व उनकी मां नैना चौटाला पर निशाना साधते हुए कहा कि कहा कि जो लोग अपने आप को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बता रहे हैं, उनको पता होना चाहिये कि वे इनेलो के दम पर ही संसद व विधानसभा में पहुंच पाए हैं, वरना वे सरपंच के पद पर भी आसीन नहीं होते। हार को देखते हुए पांचों नगर निगम चुनावों में भाजपा के उम्मीदवार पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ने से घबरा रहे हैं। अभय चौटाला सोमवार को जन अधिकार रथ यात्रा के दौरान पाई के रामलीला मैदान में एकत्रित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। यहां भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने चौटाला का अभिनंदन किया। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा और पूर्व संसदीय सचिव राम पाल माजरा ने भी जनसभा को संबोधित किया।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पाई में उपस्थित भीड़ से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि जनता किसके साथ है। दुष्यंत व दिग्विजय के बारे में उन्होंने कहा कि भाजपा व कांग्रेस के कुछ नेताओं ने उनको मुख्यमंत्री पद का लालच देकर बहकाया है। जो पार्टी के खिलाफ बोलते हैं, वे इनेलो के सदस्य हो ही नहीं सकते। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नगर निगम चुनाव में भाजपा की करारी हार होगी। कांग्रेस चुनाव से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर चुकी है।
अभय ने कहा कि भाजपा फसल बीमा के नाम पर प्रति सीजन किसानों से 1575 करोड़ की राशि हड़प कर रही है। एसवाईएल के मुद्दे से भाग रही है। चुनाव के समय किसानों के हित में स्वामीनाथ आयोग की रिपोर्ट लागू करने से भाजपा पीछे हट रही है।
प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने अभय सिंह चौटाला को भावी मुख्यमंत्री बताया। पूर्व संसदीय सचिव राम पाल माजरा ने कहा कि उनकी सरकार आने पर सबसे पहले ई-वे बिल समाप्त होगा। बुजुर्गों की पेंशन में बढ़ोत्तरी की जाएगी। किसानों के कर्जे माफ होंगे। इस अवसर पर पूर्व विधायक बूटा सिंह, सर्व जातीय सर्व खाप पंचायत की प्रदेश महिला विंग अध्यक्ष डाक्टर संतोष दहिया, पवन ढुल, संदीप संगरोली, जिला पार्षद इंद्र पाई, शशि वालिया, ओमप्रकाश कैरो, लीलू पाई, सतपाल टाया, रतन सिंह, अनिल पाई, अनुप, राजबीर, इन्दु लुहार, मास्टर राम निवास, मीना पुंडरी, शीशन सांच, राम सिंह गुज्जर, कर्मवीर गुज्जर, बलवीर घेरडू, वीरेंद्र सजुमा, रोहताश रंगा आदि अनेक बसपा व इनेलो नेता उपस्थित थे।