अब जेल के पीछे भी होने लगा कचरा डालने का विरोध
रिहायशी इलाके में स्थित पंजावे में शुरू किया कचरा डालना, लगा गंदगी का ढेर
पैरवी करने नहीं पहुंचे परिषद अधिकारी तो वापिस आए कचरे की गाड़ियों के ड्राईवर
किसानों के विरोध में पिछले चार दिन से नहीं डाल रहे डंपिंग स्टेशन पर कचरा
फोटो नंबर-7 से 9
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। खुराना रोड पर स्थित डंपिंग स्टेशन पर धरना दे रहे किसानों द्वारा परिषद के कर्मचारियों का विरोध करने के बाद अब जेल के पीछे भी कचरा डालने पर लोगों ने विरोध कर दिया है। जिस कारण कचरा डालने वाले कर्मचारी रिहायशी इलाके में कचरा डालना शुरू किया है।
विदित रहे की किसानों द्वारा विरोध करने के बाद कर्मचारियों ने डंपिंग स्टेशन पर कचरा डालने के लिए परिषद के अधिकारियों द्वारा पैरवी करने की मांग की थी। जिस पर अधिकारियों ने उन्हें उनके साथ जाने का आश्वसन दिया था। कर्मचारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि वे वीरवार सुबह भी कचरा डालने के लिए डंपिंग स्टेशन की ओर गए थे। लेकिन यहां कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा तो वे जिला जेल के पीछे कचरा डालने के लिए पहुंचे। इस दौरान यहां पर मौजूद लोगों ने भी कचरा डालने का विरोध कर दिया। इसके बाद अधिकारियों के आदेश के बाद कचरे को प्रताप गेट स्थित पंजावे पर रिहायशी इलाके में कचरे को गिराया गया। जिस कारण यहां पर कुछ ही घंटों में कचरे के बड़े बड़े ढेर लग गए। जिससे यहां पर बदबू का आलम रहा।
कर्मचारियों ने किया था विरोध:-
बुधवार को डंपिंग स्टेशन पर किसानों द्वारा किए गए विरोध के बाद सभी 30 गाड़ियों के ड्राईवरों सहित जेसीबी संचालकों ने अपना काम बंद कर दिया था। जिस पर अधिकारियों के आश्वासन के बाद वे दोबारा काम पर लौटे थे।
समस्या से अधिकतर स्थानों पर देरी से हो कचरा उठान:-
स्थायी डपिंग स्टेशन पर कचरा न डलने के कारण नगर परिषद की कचरा उठान वाली गाड़ियों का टाइम टेबल बिगड़ गया है। जिससे अधिकतर स्थानों पर कचरा उठान नहीं हो पा रहा है। शहर में करनाल रोड, कमेटी चौक, अंबाला रोड व पुराना बस स्टैंड के समीप कचरे का उठान नहीं हो पा रहा है। जिससे यहां गंदगी फैल गई है।
किसानों का धरना चौथे दिन भी रहा जारी
वहीं 100 से अधिक एकड़ फसल जल जाने के बाद किसानों का डपिंग स्टेशन के बाहर दिया गया धरना वीरवार को चौथे दिन भी जारी रहा। किसानों डंपिंग स्टेशन को हटवाने की मांग पर अडिग हैं। किसानों का कहना है कि वे किसी भी सूरत में यहां पर नगर परिषद को कचरा नहीं डालने देंगे।
तहसीलदार रविंद्र मलिक को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया:-
तहसीलदार रविंद्र मलिक को डंपिंग यार्ड क्षेत्र में कानून की दृष्टि से डीसी ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया है। गत 24 से 28 अप्रैल तक यह नियुक्ति की गई है।