तीसरे दिन मिली स्मॉग से निजात...आंखों में जलन से नहीं मिली राहत
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। लगातार तीन दिन से शहर में छाया स्मॉग बुधवार को हवाओं के चलने से छंट गया और धूप निकलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। इससे पहले सोमवार और मंगलवार को छाए स्मॉग से लोगों का हाल-बेहाल था। दो दिनों तक सूर्यदेव के दर्शन ही नहीं हुए थे। बुधवार की सुबह भी स्मॉग छाया हुआ था। स्कूल-कॉलेजों सहित अपने कार्यालयों को जाने वाले लोग परेशान हुए। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हुई। सुबह करीब दस बजे तक हल्की ठंडी हवाएं चलने लगीं। जिसका प्रभाव यह हुआ कि दोपहर तक स्मॉग छंट गया, धूप निकलने पर लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन इसका स्वास्थ्य पर असर बरकरार है। बाहर निकलने पर आंखों पर जलन हो रही है। इसके चलते अस्पतालों में सांस, खांसी, सर्दी व जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इधर, कृषि वैज्ञानिक डा. रमेश वर्मा ने बताया कि सुबह शाम ऐसे ही मौसम के रहने के आसार हैं। वहीं कई निजी स्कूलों ने बच्चों के आने के समय में बदलाव किया है।
सड़क हादसे में एक की मौत:-चीका में हुए सडक़ हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार पिहोवा के एक गांव निवासी तीन व्यक्ति पीड़ल की तरफ आ रहे थे कि बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें एक की मौत हो गई।