अविश्वास प्रस्ताव की मांग के बीच वार्ड नंबर 2 के पार्षद पर रात को हुआ हमला
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। नगर परिषद चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग के मामले में भाजपा के 14 पार्षदों में शामिल वार्ड नंबर 2 के पार्षद विनोद सोनी पर शुक्रवार की रात्रि करीब बारह बजे उस समय हमला किया गया जब वे पार्षदों के साथ बैठक करके घर जा रहे थे। सोनी हमले में मुश्किल से बच सके। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। विनोद सोनी ने चेयरमैन सहित 6 अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी। जिस पर पुलिस ने नगर परिषद चेयरमैन यशपाल प्रजापति सहित छह अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दूसरी ओर भाजपा द्वारा गठित 9 सदस्यीय कमेटी की दिन भर बैठकों का दौर चला। हमले के घटनाक्रम के बीच दोनों खेमों द्वारा एक दूसरे की ओर पार्षदों की संख्या बढ़ाए जाने के लिए दिन भर जोर आजमाइश जारी रही।
विनोद सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह पार्षदों की बैठक के बाद रात्रि करीब पौने बारह बजे सीवन रोड पर अपने घर जा रहा था कि गुरु रविदास मंदिर के निकट दो स्कूटियों पर सवार होकर पहुंचे छह लोगों ने उसे ललकारते हुए यशपाल प्रजापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने का मजा चखाने की बात कही। एक व्यक्ति ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। अन्य ने भी उस पर डंडों व थप्पड़ मुक्कों से हमला कर दिया। शोर सुनकर उसके पड़ोसी व उसके भाई मौके पर पहुंचे। इसी बीच हमलावर भाग खड़े हुए। सोनी ने पुलिस में दी शिकायत में कहा कि उसे पूरा यकीन है कि उस पर हमला यशपाल प्रजापति ने ही करवाया है। क्योंकि उसने उसके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग के लिए शपथ पत्र दिया है।
वीडियो में दिख रहे हैं स्कूटी रुकवाते
विनोद सोनी ने सड़क पर स्थित एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई, जिसमें एक स्कूटी पर सवार व्यक्ति विनोद सोनी की स्कूटी रुकवाते दिख रहे हैं। लेकिन सोनी अपनी स्कूटी मोड़कर वापस निकल लिए। इसी बीच एक युवक एक थैले में कुछ लिए उनका पीछा भी करता दिख रहा है। बाद में वे तीनों एक स्कूटी पर सवार होकर भागते नजर आ रहे हैं। इस थैले में हथियार भी हो सकते हैं।
हमला निंदनीय, इस मामले में मैं सोनी के साथ
चेयरमैन यशपाल प्रजापति ने कहा कि सोनी पर हमला निंदनीय है। इस मामले में वे सोनी के साथ हैं। उन पर हमला करवाने के आरोप गलत हैं। वे ऐसा सोच भी नहीं सकते। पुलिस सेे विशेष मांग है कि इस मामले में जितनी जल्दी उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है, उतनी ही जल्दी दूध का दूध और पानी का पानी करते हुए हमलावरों को गिरफ्तार करें। ताकि सच्चाई सबके सामने आ सके।
भाजपा की 9 सदस्यीय कमेटी ने की सोनी से मुलाकात, सुरक्षा का आश्वासन दिलवाया
जिला भाजपा प्रभारी सत्यवान शेरा द्वारा गठित 9 सदस्यीय कमेटी ने विनोद सोनी से मुलाकात कर हमले की निंदा की। इसके बाद कमेटी सदस्य एसपी से मिले और मामले में निष्पक्षता से कार्रवाई की मांग की। कमेटी सदस्य रविभूषण गर्ग ने कहा कि सभी पार्षद हमारे भाई हैं। इस तरह की वारदात कतई स्वीकार नहीं हैं। पुलिस से पूरी निष्पक्षता से कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया गया है।
दिन भर चला बैठकों का दौर
भाजपा की 9 सदस्यीय कमेटी में शामिल भाजपा नेता रविभूषण गर्ग, राजपाल तंवर, सुभाष हजवाना, राव सुरेंद्र सिंह, संजय भारद्वाज, रामपाल राणा, धर्मपाल शर्मा, अरुण सर्राफ ने 14 पार्षदों से मुलाकात कर उनकी बात जानने का प्रयास किया गया। कमेटी में नेताओं ने सभी 14 पार्षदों से एक-एक करके मुलाकात का प्रयास किया। लेेकिन सभी ने कहा कि वे एक साथ ही बात करेंगे। जिस पर सभी ने एक ही स्वर में चेयरमैन को हटाए जाने की मांग की।
इससे पूर्व सुबह सनातन धर्म मंदिर में विनोद सोनी पर हुए हमले की निंदा की गई। इसके बाद भाजपा नेता धर्मपाल शर्मा के आवास पर फिर से बैठक की गई। शाम के समय सनातन धर्म मंदिर में फिर इस कमेटी की बैठक हुई। जिसमें विनोद सोनी पर हमले सहित अभी तक के घटनाक्रम से प्रदेश संगठन व सरकार में आला नेताओं को अवगत करवाया गया।
आज करेंगे बड़ा खुलासा
चेयरमैन के खिलाफ आवाज बुलंद किए हुए 14 पार्षद आज बड़ा खुलासा कर सकते हैं। इस खेमे की ओर से नरेश मित्तल ने बताया कि केवल 9 सदस्यीय कमेटी ने एक बार उनसे मुलाकात की है। इसके अलावा राज्य स्तर पर किसी ने उनकी बात नहीं सुनीं। अब वे रविवार को कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। इसका खुलासा भी रविवार को ही होगा। विनोद सोनी रात को उनके साथ थे। घर जाते समय हमला किया गया। इस हमले के बाद उनके समर्थन में कई और पार्षद आ गए हैं। अब उनकी संख्या 14 से ज्यादा है।
भाजपा द्वारा गठित कमेटी से विरोधी खेमे को कोई उम्मीद नहीं
विरोधी खेमे के पार्षदों में से एक पार्षद ने कहा कि वे सभी 14 एकजुट हैं। जो 9 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। उसमें शामिल सभी नेताओं तक पहले बात पहुंचा दी गई थी। इसलिए अब उनसे कोई उम्मीद नहीं हैं। केवल चेयरमैन को हटाए जाने के बाद ही वे मानेंगे।
दूसरी ओर चेयरमैन खेमे के एक पार्षद ने कहा कि उनके पक्ष में कई पार्षद आए हैं। इस विषय में बातचीत चल रही है। कई पार्षदों ने सकारात्मक रुख दिखाया है।