फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

70 एमएम बारिश, आषाढ़ में लगी सावन की झड़ी

Mon, 13 Jul 2015 12:25 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
 बीते दिन से लगातार हो रही बारिश अब राहत के बजाये आफत बन गई है। शहर व गांवों में गलियां और सड़कें  लबालब हैं। कई जगह पर घरों में पानी घुस गया है। लोग परेशान हैं। आलम यह कि अब बरसात रुकने की दुआएं करने लगे हैं। रविवार को शाम तक कैथल में 70 एमएम बरसात हुई। घर से लेकर खेत-खलिहान लबालब हो गए।
विज्ञापन


पिछले तीन दिन से मानसून जमकर बरस रहा है। शुक्रवार को 25एमएम, शनिवार को 40 एवं रविवार को 70 एमएम बरसात रिकॉर्ड की गई है। तीन दिन में 135 एमएम से किसानों की चांदी कर दी है।

इन गलियों में जलभराव
शहर में अमरगढ़ गामड़ी, नानकपूरी कॉलोनी, भाट बस्ती, राजीव कॉलोनी, करनाल रोड, भगत सिंह चौक, हरसौला बस्ती, जलंधरिया महोल्ला, वाल्मीकि बस्ती, प्योदा रोड बस्ती, ओढ़ा वाली गामड़ी सहित शहर की कई बस्तियों में पानी भर गया। नानकपुरी कॉलानी निवासी धर्मपाल, पवन कुमार, राकेश कुमार, विकास और अनिल ने बताया कि कॉलोनी में सीवरेज जाम की समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
विज्ञापन


कॉलानी वासियों ने चार बार संबधित विभाग के पास शिकायत भी भेजी है। नगर पालिका में भी शिकायत दी गई है। खुराना रोड पर थोड़ी सी बरसात होते पानी जमा हो जाता है। खालसा स्कूल के पास सड़क के बगल में बीना ढक्कन के सीवरेज खुला है। बरसात में पानी भरने पर दिखाई नहीं देता। कई बार गाय भी इसमें फंस चुकी है। आला अधिकारियों को शिकायत देते के बावजूद समस्या का हल नहीं हुआ।

 नरेश कुमार, पवन सैनी, अजय सैनी, भूरा राम ने बताया कि अमर गढ़ गामड़ी में गलियों में पानी खड़ा हो जाता है। इसी प्रकार नानकपूरी कॉलोनी में सीवरेज जाम होने व गलियों के कच्ची होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों को झेलना पड़ रहा है। गलियों में पानी भरा हुआ है और गलियां कच्ची है।

उधर, हुडा सेक्टर 19 में पार्क की दीवार बरसात में ढह गई। सेक्टर वासियों ने कहा कि इस दीवार को कुछ ही समय पहले बनाया गया था। यहां पानी भर जाने के कारण लोग परेशान हैं। उधर, बरसात के चलते खेतों में पानी जमा हो गया है। लगातार बरसात से रोपाई का कार्य भी रुक गया है। किसानों सुरेंद्र जाजनपुर, राजेश कुमार खेड़ी सिकंदर और गुणीप्रकाश का कहना है कि रोपाई के समय यह बरसात वरदान से कम नहीं है।

मौसम वैज्ञानिक डा. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि रविवार रात को बरसात हो सकती है। इसके बाद सोमवार को हल्की बरसात रहेगी। मंगलवार को मौसम खुल सकता है। 16 व 17 जुलाई को फिर से बरसात की संभावनाएं हैं।

हर साल होती है दिक्कत
पाई। तीन दिन से रुक-रुक हो रही बरसात से किसान खुश है। पाई, भाणा, करोड़ा, पिलनी सहित अन्य गांवों में पानी निकासी की भारी समस्या है। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश की वजह से गांव की गलियों में भारी मात्रा में पानी खड़ा हो गया है। लोगों को आने-जाने में मुश्किलें आ रही है। राकेश, पाला राम, कश्मीरी लाल, सज्जन सिंह, बीरा राम, जिया लाल, सुरेश शर्मा का कहना है कि गांव में पानी निकासी न होने के कारण हर बार वर्ष होने से उनको भारी परेशानी उठानी पड़ती है।

राजौंद हुआ जलमग्न
राजौंद। यहां बरसात से कई निचली बस्तियां जल मगन हो गई। मेन बाजार, कैथल रोड की दुकानों, पुराना थाना मोहल्ला, दुर्गा मंदिर व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुर्गा मंदिर कालोनी के कई घरों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी गए। प्रशासन के पानी निकासी के दावे हवा में उड़ गए।
रविवार को दूसरे दिन पूरा दिन हुई मूसलाधार बरसात से जन जीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त होकर रह गया। पानी निकासी न होने के कारण लोगों के घरों व दुकानों में पानी घुसने से भारी नुकसान झेलना पड़ा। राजौंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पुराना थाना मोहल्ला, सरकारी विद्यालय में बरसात का पानी एक से दो फुट तक भरा हुआ था। कैथल रोड की दुकानों में पानी घुसने से दुकानदारों में भारी रोष है। दुकानदार अशोक, बलजीत, संदीप, चांद, कर्ण, सुनील, काला, राहुल ने बताया कि कैथल रोड़ पर स्थित नालों में पानी निकासी न होने के कारण सारा बरसात का पानी उनकी दुकानों में घुस गया।

सब्जियों पर बारिश का असर
पिछले दो दिन से लगातार हो रही बरसात से सब्जी की फसलें भी काफी प्रभावित हुई है। सब्जी लगाने वाले किसानों ने कहा कि अगर यह बरसात इसी तरह चलती रही तो उनकी सब्जियों की फसल बुरी तरह बर्बाद होकर रह जाएगी। बता दें कि क्षेत्र के गांव नरवल, बीरबांगडा, खुरड़ा, बिरथे बाहरी में अधिकतर किसानों ने सब्जी उगाई है। लगातार बरसात से सब्जी को काफी नुकसान हुआ है।

बिजली कट से परेशानी
रविवार को पूरा दिन हुई बरसात से बिजली व्यवस्था भी ठप रही। बरसात के साथ साथ लोगों को बिजली समस्या से भी जूझना पड़ा। बरसात के कारण लाइन में आए फाल्ट के कारण राजौंद 132 केवी पर चलने वाली कई लाइनें बंद रही। कनिष्ठ अभियंता भीम सिंह ने बताया कि बरसात के दौरान लाइन में आए फॉल्ट के कारण बिजली व्यवस्था शुरू नहीं हो पाई। फॉल्ट निकालने में लगे हुए है, जल्दी ही बिजली व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी।

पूंडरी में निजी स्कूलों में छोटी कक्षाओं की छुट्टी
पूंडरी में तेज बरसात के कारण पूरे शहर में पानी जमा हो गया है। डीएवी पब्लिक स्कूल द्वारा कक्षा तीसरी तक अवकाश की घोषणा की गई है। यहां मुख्य मार्गों के अलावा कई मोहल्लों में पानी जमा है। लगातार बरसात के कारण लोगों की समस्या ओर भी बढ़ सकती है।

गलियों में पानी का भराव
कलायत। कलायत नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बरसात के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। टूटी गलियों में मेनहोल ऊपर हैं कि चाह कर भी उनमें से पानी सीवरेज में जा नहीं सकता। हालात से परेशान लोगों का कहना है कि गलियों से पानी निकासी दुरुस्त करने के लिए वे लोग समय-समय पर पालिका प्रशासन से आग्रह कर चुके हैं, मगर न गलियों का निर्माण हो रहा है तथा न ही बरसाती पानी की निकासी की कोई व्यवस्था हो पा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें