राजौंद। साल 2020 से रेहड़ी-फड़ी संचालकों के लिए पीएम स्वनिधि योजना शुरू की गई थी। नगर पालिका सचिव नरेंद्र शर्मा ने बताया कि यह योजना पहले 31 दिसंबर 2024 तक लागू थी, लेकिन अब इसे 16 दिसंबर 2025 से दोबारा शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि योजना में कई बदलाव किए गए हैं। पहले चरण में रेहड़ी-फड़ी वालों को 10 हजार रुपये दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 15 हजार कर दिया गया है।
दूसरे चरण में राशि 20 हजार से बढ़ाकर 25 हजार कर दी गई है, जबकि तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध होगा। डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए कैशलेस राशि 1,200 रुपये से बढ़ाकर 1,600 रुपये कर दी गई है। इसके अलावा, लाभार्थियों को यूपीआई से जुड़ा क्रेडिट कार्ड भी प्रदान किया जा रहा है।
नगर पालिका सचिव ने बताया कि अब यह योजना 31 मार्च 2030 तक लागू रहेगी और इसके लिए आवेदन नगर पालिका कार्यालय में लिए जा रहे हैं। योजना के तहत रेहड़ी-फड़ी वाले बिना किसी गारंटी के ऋण प्राप्त कर अपने व्यवसाय को बढ़ा सकते हैं। संवाद