एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में गाजियाबाद में एकत्रित होंगे लाखों लोग : शेर सिंह राणा
- 16 दिसंबर को जताया जाएगा विरोध
फोटो संख्या-33
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। क्षत्रिय नेता शेर सिंह राणा ने कहा कि एससी/एसटी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले का समर्थन करते हैं। भाजपा व अन्य दलों द्वारा समर्थन कर सर्वोच्च न्यायालय का फैसला बदला जाना आम जन भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। राणा शनिवार देर शाम कान्हा पत्ती चौपाल में समाज के लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि एससी-एसटी एक्ट के प्रावधानों पर सुप्रीम कोर्ट ने 20 मार्च 2018 को एक अहम फैसला सुनाया था। इसमें कोर्ट ने माना कि इस एक्ट का गलत इस्तेमाल हो रहा है। इसके तहत शीर्ष अदालत ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार रोकथाम अधिनियम, 1989 के तहत गिरफ्तारी और आपराधिक मामला दर्ज किये जाने पर रोक लगा दी थी। वोटों की राजनीति के लिए केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के अहम फैसले को बदलने का फैसला लिया और एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के लिए मानसून सेशन में बिल लाकर पास किया गया। लेकिन लोकसभा व राज्यसभा में किसी भी सांसद ने इसका विरोध नहीं किया। वे सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बहाल करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के फैसले के विरोध में गाजियाबाद के रामलीला मैदान में 16 दिसंबर को देश भर के सवर्ण समाज के लाखों लोगों द्वारा विरोध दर्ज करवाया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को विरोध में शामिल होने की अपील की। इस अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष सलिंद्र राणा, भगवान दास बंसल, पार्षद राजीव राजपूत, सोमपाल राणा, रवींद्र धीमान, वीरेंद्र राणा, दीपक राणा, कृष्ण राजपूत, अमित राणा, रजत, सोनू शर्मा मौजूद थे।