पोल्ट्री फॉर्म संचालक नहर में डाल रहा मरे हुए मुर्गे, पानी हुआ दूषित, महामारी फैलने की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। गांव धेरडू के पास सरसा ब्रांच नहर के आसपास बना पोल्ट्री फार्म ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। आए दिन नहर में मरे मुर्गों के ढेर लग रहते हैं। जिसके विरोध स्वरूप ग्रामीणों ने संबंधित पोल्ट्री फार्म व जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई महीने से पोल्ट्री फार्म संचालक सरसा ब्रांच नहर में बीमारी से मरने वाले मुर्गों को डाल रहा है। जिससे नहर का पानी दूषित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी का मौसम होने के कारण पशु नहर में पानी पीने के लिए जाते हैं। लेकिन दूषित पानी के कारण उनके दुधारू पशु गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए कई बार व्यक्तिगत रूप से संबंधित पोल्ट्री फार्म व जिला प्रशासन को शिकायत कर चुके हैं। लेकिन उनकी समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पोल्ट्री फार्म संचालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करे। मौके पर ओमप्रकाश, गुलाब सिंह, बलकार सिंह, राजेश कुमार, सुनील कुमार, सुरेंद्र कुमार, बलजीत, सरदारा राम, बलवान सिंह, बलबीर सिंह, सिमरू, रामचंद्र, दर्शन, अंकित, सुमित, सूबे सिंह, सोनू आदि मौजूद रहे।
बदबू के कारण घरों में रहना मुश्किल
ग्रामीणों ने बताया कि पोल्ट्री फार्म संचालक द्वारा नहर में मरे हुए मुर्गों को डालने से आवारा कुत्ते उन्हें उठाकर गांव में ले जाते है। जिससे गलियों में बैठकर आराम से उन्हें दिनभर खाते रहते है और मांस के टुकड़े गलियों में छोड़ देते है। उनमें से बदबू निकलने के कारण ग्रामीणों का घरों में रहना मुश्किल हो रहा है।
मरे हुए मुर्गे खुले में डालना गैर कानूनी है। मामले की शीघ्र ही जांच की जाएगी। ग्रामीणों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
संजय जून, डीसी