कैथल। स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह के मद्देनजर पुलिस ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। शहर में 600 से अधिक पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में ड्यूटी लगाई है। शहर के विभिन्न चौराहों पर महिला व पुरुष पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे। वहीं पुलिस की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर भी लगातार जांच की जा रही है। एसपी ने ग्रामीण के थानों व चौकियों के प्रभारियों को सुरक्षा कड़ी रखने के निर्देश दिए हैं।
स्वतंत्रता दिवस का जिलास्तरीय समारोह पुलिस लाइन में होगा। इसके अलावा कलायत व गुहला में प्रशासनिक तौर पर कार्यक्रमों का आयोजन होगा। पुलिस ने आमजन सहित वीआईपी की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के साथ होटल, लॉज, धर्मशाला व धार्मिक स्थानों की जांच करते हुए ठहरे हुए लोगों की जानकारी प्राप्त की जा रही है।
एसपी अभिषेक जोरवाल ने बताया कि जिलास्तरीय कार्यक्रम में पुलिस की ओर से प्रस्तुति दी जाएगी। परेड का नेतृत्व डीएसपी ललित कुमार करेंगे। समारोह स्थल पर क्यूआरटी स्ट्राइकिंग रिजर्व, लिफ्टिंग पार्टी, बंब डिस्पोजल सहित विभिन्न टीमें तैनात रहेंगी। शहर व समीपवर्ती क्षेत्र में नाका लगाकर वाहनों की गहन से जांच की जा रही है।
शहर क्षेत्र में राइडर निरंतर गश्त कर रहे हैं। एसपी ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, होटल या धर्मशाला में ठहरने का पता चले या किसी भी लावारिस वस्तु की सूचना बिना किसी देरी के किसी भी माध्यम से पुलिस को दें। समारोह को शांतिपूर्वक संपन्न करवाने में आमजन अपना सहयोग दें।
डीसी जगदीश शर्मा ने बताया जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता बतौर मुख्यातिथि ध्वजारोहण करेंगे। इससे पहले शहीद स्मारक पर जाकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। परेड का निरीक्षण करने के बाद निकाय मंत्री जिला के लोगों को अपना संदेश देंगे। उसके बाद अन्य कार्यक्रम और सम्मान समारोह होगा।
कार्यक्रम के दौरान मार्च पास्ट की प्रस्तुति होगी, फिर विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा पीटी शो, डंबल की प्रस्तुति होगी। पूंडरी के विभिन्न सरकारी स्कूलों के बच्चों द्वारा योगाभ्यास किया जाएगा। इसी प्रकार विभिन्न शिक्षण संस्थानों द्वारा तैयार किए गए देश भक्ति व लोक संस्कृति के सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। गुहला-चीका की अनाज मंडी में विधायक ईश्वर सिंह व कलायत की अनाज मंडी में विधायक रामनिवास बतौर मुख्यातिथि ध्वजारोहण करेंगे। दोनों स्थानों पर मार्च पास्ट व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।