संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कैथल पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आमजन और वीआईपी की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 600 पुलिसकर्मी और अधिकारियों की विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई है।
विशेष बिंदुओं पर नाकाबंदी कर वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर निगरानी बढ़ा दी है।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि सभी थाना प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर होटल, लॉज, धर्मशाला और धार्मिक स्थलों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इन स्थानों पर ठहरे लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने होटल और धर्मशाला संचालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। किसी संदिग्ध व्यक्ति या असामाजिक तत्व के ठहरने की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की हिदायत दी गई है।
एसपी ने आमजन से अपील की कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, होटल, धर्मशाला या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु नजर आए तो सूचना बिना देरी किए किसी भी माध्यम से पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि सतर्कता और सहयोग से स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सकता है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल पर टीमें रहेंगी तैनात
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह पुलिस लाइन कैथल में होगा। समारोह स्थल की सुरक्षा के लिए क्यूआरटी, स्ट्राइकिंग रिजर्व, लिफ्टिंग पार्टी और बम डिस्पोजल टीम समेत विभिन्न पुलिस टीमें तैनात रहेंगी। शहर में पुलिस राइडर अलग-अलग मार्गों पर लगातार गश्त करेंगे। लावारिस कार, रिक्शा, मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों के अलावा हाल में खोदी गई मिट्टी पर भी नजर रखी जाएगी।