कैथल। पुलिस ने जनवरी में यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती करते हुए 5939 वाहनों के चालान किए हैं। साथ ही 29.95 लाख रुपये जुर्माना वसूला। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि जिला पुलिस विशेष रूप से उन बुलेट मोटरसाइकिलों पर पैनी नजर रख रही है, जिनमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी आवाज निकालकर क्षेत्र में दहशत पैदा की जाती है। जनवरी माह के दौरान इस तरह के 20 बुलेट मोटरसाइकिलों के चालान किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जनवरी माह में यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने के मामलों में 24 वाहनों को इम्पाउंड किया। इसके अलावा कुल 5939 चालान काटे गए, जिन पर 29 लाख 95 हजार 600 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुख्य रूप से बिना नंबर प्लेट के 214, लेन बदलने के 205, बिना हेलमेट के 2482, ओवरस्पीड के 329, गलत दिशा में वाहन चलाने के 800, बिना सीट बेल्ट के 443, शराब पीकर वाहन चलाने के 27, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने के 11, ब्लैक फिल्म के 2 तथा अंडरएज वाहन चालक का एक चालान किया गया। संवाद