संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गुहला क्षेत्र की करीब 57 प्रमुख सड़कों का व्यापक स्तर पर सुधारीकरण किया जाएगा। लोकनिर्माण विभाग इस कार्य पर लगभग 70 करोड़ रुपये खर्च करेगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और शीघ्र ही ठेकेदार के माध्यम से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
पिछले लगभग पांच वर्षों से क्षेत्र की अधिकांश सड़कें बदहाल स्थिति में थीं। कई स्थानों पर आधा से एक फीट तक गहरे गड्ढे बन चुके थे और जगह-जगह सड़क की कंक्रीट उखड़ चुकी थी। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को झेलनी पड़ रही थी। फिसलन और गड्ढों के कारण कई लोग चोटिल भी हुए। बारिश में जलभराव और कीचड़ से हालात और बिगड़ जाते थे।
टूटी सड़कों पर जमा मिट्टी के कारण धूल उड़ती रहती थी, जिससे आसपास के निवासियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। विभाग की ओर से अब सड़कों को मजबूत और टिकाऊ बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में जलभराव और गड्ढों की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। जिन मार्गों की स्थिति लंबे समय से अत्यधिक खराब है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाएगा। सड़कों के नए सिरे से निर्माण के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही दुर्घटनाओं में कमी आएगी और व्यापार व परिवहन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन का आभार जताते हुए मांग की है कि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू और पूरा किया जाए, ताकि राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कर वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो जाएगा।
राहगीरों ने बताई जमीनी हकीकत : राहगीर राजेश, रामभगत, सुनील, राजेश और मनीष कुमार ने बताया कि क्षेत्र की अधिकांश सड़कें लंबे समय से खस्ताहाल हैं। बरसात के दौरान सड़कों पर कीचड़ जमा हो जाता है और अंधेरे में टूटी सड़क से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो जाता है। उनका कहना है कि अनजान लोग अक्सर हादसों का शिकार हो जाते हैं। तेज रफ्तार में बजरी के कारण बाइक फिसल जाती है, जिससे दोपहिया चालक चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार की योजनाएं कई बार कागजों तक सीमित रह जाती हैं।
हालांकि, नई स्वीकृति के बाद अब लोगों में उम्मीद जगी है। चार फरवरी को पापसर के पास सड़क हादसे में गुहला निवासी संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया था। वहीं लैडर कीमा से बुढ़ाखेड़ा रोड पर गहरे गड्ढे के कारण अनाज से भरी ट्रॉली पलट गई थी।
इन प्रमुख सड़कों पर होगा कार्य : चीका रोड से दिल्लू राम डेरा, कैथल-पटियाला रोड से डेरा बावलपुर, पापसर से ककराला व डेरा बाजीगर, अधोया मेगरान से अजीत नगर, भागल-बुदनपुर रोड से डेरा मुल्लांपुर, खेड़ी दाबन से डेरा हरचंदपुरा, लैडर कीमा से बुढ़ाखेड़ा, आंधली से लैडर पीरजादा, गुहला खरका से थेह खरक, कसौर, शाहजहापुर से बलबेहड़ा, अजीमगढ़ से समाना रोड, कल्लरमाजरा से डंडौता, बुटाना से हंसूमाजरा, डंडौता से बोपुर रोड, मस्तगढ़ से खरका, दाबा से रत्ता खेड़ा, बोपुर से पंजाब बॉर्डर, मेघा माजरा से चक्कू लदाना, रत्ता खेड़ा से सरकपुर, चीका से क्योर रोड, डेरा हिम्मतपुरा, किशोर से माजरी, पीडल, थेहनेवल, गुहला खरका से थेहबुटाना, टटियाना से बदसूई रोड, माजरी से हंसूमाजरा, रामथली से उरलाना रोड, टटियाना से डेरा भाग सिंह सहित अन्य सड़कें शामिल हैं।
विधायक विधानसभा में उठा चुके हैं मुद्दा
नई सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने विधायक देवेंद्र हंस और प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायतें दी थीं। गुहला क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा विधायक द्वारा विधानसभा में भी उठाया जा चुका है। लगातार मिल रही शिकायतों और जनसमस्याओं को देखते हुए विभाग ने सड़कों का सर्वे कर एस्टिमेट तैयार कर मुख्यालय भेजा था। स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई।
57 सड़कों का होगा सुधारीकरण
गुहला क्षेत्र की लगभग 57 सड़कों का सुधारीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़कों से गड्ढे खत्म कर राहगीरों को बेहतर सुविधा प्रदान की जाएगी। -वरुण कुमार, एक्सईएन, लोकनिर्माण विभाग