कैथल। पुलिस टीम ने सुराग जुटा कर जुलाई माह में लोगों के गुम हुए करीब नौ लाख रुपये से अधिक कीमत के 56 मोबाइल फोन ढूंढे। डीएसपी सुशील प्रकाश की ओर से पुलिस लाइन कैथल में शुक्रवार को मोबाइल फोनों के मालिकों को बुलाकर मोबाइल फोन सौंपे गए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पुलिस का आभार जताया। वहीं मोबाइल फोन ढूंढने में अहम भूमिका निभाने वाली साइबर सेल टीम की प्रशंसा की। डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि जिला पुलिस की साइबर सेल ने अब तक सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त मोबाइल गुम की शिकायतों की मॉनिटरिंग करते हुए लाखों रुपये की कीमत के मोबाइल को ट्रेस करने में सफलता हासिल की है। सरकार की ओर से चलाए गए इस पोर्टल की खासियत यह है कि इस पर शिकायत रजिस्टर्ड करने उपरांत मोबाइल का आईएमईआई ब्लॉक हो जाता है और मोबाइल ट्रेस होने के बाद शिकायतकर्ता को सूचना दे दी जाती है। उन्होंने कहा कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत उसकी सूचना ई दिशा केंद्र के माध्यम से सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराएं ताकि उसका गलत इस्तेमाल न हो और जल्द से जल्द उसे महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर ढूंढा जा सके।