संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इटली भेजने के नाम पर दो आरोपियों ने एक युवक से साढ़े पांच लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव दुब्बल निवासी गौरव ने कलायत थाने में मामले की शिकायत की है। उसका आरोप है कि उसके गांव के आकाश व बजिंद्र ने उसे इटली भेजने का झांसा देकर यह ठगी कर ली।
गौरव के मुताबिक, आकाश और बजिंद्र लोगों को विदेश भेजने का कार्य करने का दावा करते थे। मार्च 2022 में आरोपियों ने उसे इटली भेजने की बात कही और काम करवाने के एवज 12 लाख रुपये मांगे। वह आरोपियों की बातों में फंस गया और उसने आरोपियों को अलग-अलग समय में 12 लाख रुपये दे दिए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने उसके पासपोर्ट पर एक फर्जी वीजा स्टांप लगाकर उसकी फोटो भेज दी। जब टिकट के हिसाब से उसने अपना पासपोर्ट, असली टिकट व अन्य कागज मांगे तो आरोपी टाल-मटोल करने लगे। जब उसने बार-बार पूछा तो आरोपी कहने लगे कि वे उसे विदेश नहीं भेज सकते।
गौरव का कहना है कि दी गई रकम वापस मांगने पर उसे आरोपियों ने साढ़े छह लाख रुपये तो दे दिए, लेकिन बाकी रुपये नहीं दिए। अब रुपये मांगने पर आरोपी धमकी देते हैं कि अगर पैसे मांगे तो जान से मार देंगे और उसे झूठे केसों में भी फंसा सकते हैं। इस संबंध में जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।