कैथल। गांव नरड़ में पंचायती जमीन से बुधवार को कब्जा हटवाने गई पुलिस टीम एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट पर कुछ ग्रामीणों द्वारा ईंट बरसाने एवं हाथापाई किए जाने का मामला सामने आया है। तितरम पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं बीडीपीओ सुमित चौधरी की शिकायत पर शीला चहल, मुकेश, कर्मबीर व नन्ही के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इंस्पेक्टर मुकेश बैनीवाल ने बताया कि बीडीपीओ ने शिकायत दी थी कि खेत के रास्ते पर कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ है। बुधवार को अदालत के आदेशानुसार हम ड्यूटी मजिस्ट्रेट बीडीपीओ सुमित चौधरी की अध्यक्षता में कब्जा हटवाने गए थे। इसी दौरान खेत में बने मकान से 3/4 व्यक्ति व औरतें भागती हुई आई, जिन्होंने आते ही कब्जा हटाने की कार्रवाई में दखल देना शुरू कर दिया। वे मेरे व अन्य कर्मचारियों के हटाने से नहीं माने और हमारे साथ हाथापाई करने लगे। मैंने पुलिस पार्टी को इन लोगों को रोकने का इशारा किया, लेकिन इन लोगों ने पुलिस पार्टी के साथ भी हाथापाई की और कुछ ही देर में इन लोगों ने हम पर एवं पुलिस टीम पर ईंटें बरसानी शुरू कर दी। इसके बाद हमने भागकर गाड़ी में बैठकर जान बचाई। इतना ही नहीं आरोपियों ने हमारी गाड़ी पर भी ईंटें बरसाईं। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी है और ड्यूटी में बाधा पहुंचाई है। इंस्पेक्टर मुकेश बैनीवाल ने बताया कि आरोपियों पर विभिन्न धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।