दीपोत्सव : रोशनी में डूबा शहर, प्रशासन चौकस
- दमकल और स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। दीपोत्सव का पर्व बुधवार को पूरे जिले में धूमधाम से मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर पूरा शहर रोशनी में डूबा है। वहीं हादसों से बचने के लिए दमकल विभाग व स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। दमकल विभाग में प्रत्येक शिफ्ट में कर्मचारियों की संख्या 9 से बढ़ाकर 15 कर दी गई है। इसी तरह से स्वास्थ्य विभाग में आपातकालीन वार्ड में कर्मचारियों व अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
दमकल विभाग में फायरमैन सतीश कुमार ने बताया कि पहले तीन शिफ्टों में 9-9 कर्मचारी काम करते थे। अब तीन की बजाए तीन दिनों से दो शिफ्टें कर दी गई हैं। जिसमें प्रत्येक शिफ्ट में 15-15 कर्मचारी तैनात हैं। कैथल में 5, गुहला में 2 व पूंडरी में 1 दमकल गाड़ी को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसके अलावा अन्य सामान की भी तैयारियां हैं। फिर भी लोगों से अपील है कि वे सावधानीपूर्वक दीपावली मनाएं।
वहीं सीएमओ डा. नीलम कक्कड़ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग किसी भी तरह की आपात स्थिति में निपटने के लिए तैयार है। अस्पताल में आपात सेवाओं के लिए संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। दवाओं से लेकर आगजनी जैसी घटनाओं के लिए आवश्यक उपकरणों को दुरुस्त किया गया है।