किसान दिल्ली में मार्च निकाल जताएंगे रोष
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी की एक बैठक मंगलवार को शहीद भगत सिंह भवन में हुई। जिसकी अध्यक्षता तहसील प्रधान राजकुमार नंबरदार ने की। जिला प्रधान महेंद्र सिंह ने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार फसलों का लागत डेढ़ गुना लाभ देने, सभी किसानों और मजदूरों को कर्ज मुक्त करने व प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को रद्द करके इसके स्थान पर प्रति एकड़ मुआवजा देने आवारा पशुओं पर रोक लगवाने, सभी किसानों मजदूरों को साठ वर्ष की आयु पूरी करने पर 5000 मासिक पेंशन दिलवाने सहित अन्य मांगो के लिए प्रयासरत है। इन मांगो को लेकर भारतीय किसान समन्वय संघर्ष समिति, किसान सभा समेत लगभग 206 संगठन शामिल है 28 नवंबर को देश की राजधानी दिल्ली में किसान मार्च निकालेगी। जिसमें देशभर से लाखों किसान शामिल होंगे। इस कड़ी में किसान सभा जिले के हर गांव में मोहल्ले में घर-घर जाकर किसान सभा की मेंबरशिप करेगी। बैठक में जिला कमेटी सदस्य सुखपाल खुराना, अभेराम, मांगेराम, तहसील सचिव भीम सिंह चहल, ओमप्रकाश, करम हुजूर सिंह सोंगरी, हवा सिंह शारदा, विजेंद्र किठाना, रामस्वरूप ने हिस्सा लिया।