1121 धान ने किया 3700 का आंकड़ा पार
प्रतिदिन आ रही है 1121 धान में तेजी
फोटो संख्या-28
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल, पूंडरी। धान की कीमतों में आई तेजी से कम उत्पादन की मार झेल रहे किसानों को दामों से कुछ राहत मिलती नजर आ रही है। बुधवार को 1121 किस्म की कीमत 3700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई। जिनके अभी ओर बढ़ने की उम्मीद है।
नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान कृष्ण मित्तल ने बताया कि बुधवार को 1121 किस्म 3650 रुपये प्रति क्विंटल रहा। जिससे किसानों को काफी राहत मिली है। इसी प्रकार से मूच्छल 3225 कंबाइन की कटी हुई और हाथ से कटी हुई 3325, 1509 हाथ से कटी हुई 3105, कंबाइन से कटी हुई 2950 व पीआर ग्रुप न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बिक रही है।
पूंडरी अनाज मंडी में बुधवार को चौथे दिन भी बोली पर 1121 धान में तेजी देखी गई। मंडी में धान 3700 का आंकड़ा पार करते हुए 3712 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका। मंडी में इस समय 1121 धान की आवक जोरों पर है। दोनों मंडियों में इस समय लगभग पांच हजार बोरी धान की आवक है। जो धान मंगलवार को 3100 रुपए से 3699 प्रति क्विंटल रहा, बुधवार को वहीं धान बोली पर 3300 रुपये से लेकर 3712 प्रति क्विंटल तक बिका। वहीं आज भाकियू के प्रदेश महासचिव भूराराम पबनावा ने मंडी का दौरा किया और धान की बोली का निरीक्षण किया।
अनाज मंडी एसोसिएशन प्रधान सुनील रमाणा ने बताया कि इस बार 1121 धान में तेजी से किसानों व आढ़तियों में खुशी की लहर है और उन्हें उम्मीद है कि इस धान में और तेजी आ सकती है।