चार एकड़ गन्ने की फसल में लगी आग, मुआवजे की मांग
फोटो नंबर-18
पूंडरी। गांव फतेहपुर गेहूं के अवशेषों से लगी आग के कारण गन्ने की 4 एकड़ फसल जलकर राख हो गई। जिससे किसान को लगभग 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पड़ोसियों ने आग लगने की सूचना जब खेत मालिक फकीर चंद पुत्र शिवदयाल को दी तो उन्होंने तुरंत पूंडरी फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर बिग्रेड और आसपास के लोगों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। खेड़ी मटरवा वाली सड़क पर लगी इस आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो इससे आगे खड़ी 5 एकड़ गन्ने की फसल व खड़ी गेहूं की फसल भी जलकर राख हो सकती थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पूंडरी में अग्निशमन गाड़ी आ जाने से काफी राहत मिली है। पीड़ित किसान ने सरकार से मांग की है कि उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वो अपनी फसल की बिजाई कर पाए।