बिजली विभाग से हटाए गए कर्मचारियों ने की बैठक
नौकरी से हटाए जाने पर जताया रोष
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। बिजली विभाग से हटाए गए 350 स्किल्ड व अनस्किल्ड कर्मचरियों ने जवाहर पार्क मे बैठक कर रोष प्रकट किया। प्रधान सुरेंद्र की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद कर्मचारियों ने बिजली विभाग के एससी को अपना मांग पत्र सौंपा। जिसमे प्रधान सुरेंद्र ने बताया कि इन कर्मचारियों की स्वीकृति खत्म होने के बावजूद वे लगातार कार्य कर रहे थे। अभी तक कर्मचारियों की कोई स्वीकृति नहीं आई। लेकिन उनके लिए निर्धारित बजट समाप्ति के संबंध में कोई आदेश नहीं दिया गया है। उन्होंने बिजली विभाग से अपील करते हुए कहा कि उनकी स्वीकृति उसी तिथि से भेजी जाए, जिस तिथि में यह खत्म हुई थी। उन्होंने कहा कि अब करीब 350 कर्मचारियों को हटा दिया गया है। इनमें से कईयों की आयू काफी अधिक हो चुकी है। वे अपना खर्च कैसे चलाएंगे। क्योंकि अब वे कोई अन्य कार्य भी नहीं कर पाएंगे। कमचारियों ने विभाग से भी अपील करते हुए कहा कि उन्हें दोबारा नौकरी पर रखा जाए। कर्मचारियों की मांगों को पूरा करवाने के लिए 6 नंवबर को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर धरना दिया जाएगा। इस अवसर पर राजबीर, रमन, संजय, राजू, जगमोहन, जोगिंद्र, रोहताश व अशोक कर्मचारी मौजूद रहे।