लोक अदालत में निपटाए 267 मुकदमे
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष एमएम धौंचक के मार्ग दर्शन में न्यायिक परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय लोक अदालत की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. आरएन भारती ने की। इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 267 मुकदमों का निपटारा किया गया। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. आरएन भारती की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में वोटर वाहन दुर्घटना क्लेम के लंबे समय से अदालत में लंबित 5 मुकदमों का संबंधित पार्टियों की सहमती से लोक अदालत के माध्यम से निपटारा किया गया, जिसमें पीड़ित पक्षों को एक करोड़ 61 लाख 20 हजार रुपये का मुआवजा आपसी सहमती से देने का आदेश पारित किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक अदालत में अन्य छोटे आपराधिक तीन मुकदमे, चैक बाउंस के 11 मुकदमे, 26 दीवानी मुकदमे और वैवाहिक मामलों के 4 मुकदमों के अलावा वाहन अधिनियम के 86 मुकदमों का आपसी सहमती से निपटारा किया गया।