एसवाईएल को लेकर सरकार गंभीर नहीं : दुष्यंत चौटाला
-कहा, केंद्र सरकार को जगाने के लिए जाम करेंगे पंजाब बार्डर
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला ने फतेहपुर में आयोजित युवा पंचायत को संबोधित किया। पंचायत की अध्यक्षता युवा हलका अध्यक्ष कंवरजीत वालिया फतेहपुर ने की।
चौटाला ने कहा कि एसवाईएल के पानी को लेकर प्रदेश व केंद्र सरकार गंभीर नहीं है। इस मुद्दे को लेकर माननीय सुप्रीम कोर्ट ने भी हरियाणा के हित में फैसला दिया हुआ है। उसके बाद कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैरा मिलिट्री फोर्स उपलब्ध कराकर पानी दिलवाना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। इनेलो केंद्र सरकार को जगाने के लिए 10 जुलाई को पंजाब के साथ लगते बार्डरों पर जाम लगाकर पंजाब से आने वाले सभी वाहनों को रोकेगी। 17 जुलाई को राष्ट्रपति का चुनाव होगा और 20 जुलाई को इनेलो नवनियुक्त राष्ट्रपति से मिलकर उनके हिस्से का पानी दिलाने की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू कर सरकार ने निम्न वर्ग को कुचलने का काम किया है। पूंजीपतियों को बचाने के लिए गरीबों की रोजमर्रा की वस्तुओं पर ही जीएसटी लगाया गया है। उन्होंने युवाओं के सुझाव भी लिए और उन्हें पार्टी के प्रचार-प्रसार के लिए अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर पार्टी के झंडे लगाने का अनुरोध किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कंवरपाल करोड़ा, तजबीर सिंह, हिमांशु अरोड़ा, संजीव माजरा, ओमप्रकाश कैरा, लीलाराम म्यौली, रामप्रकाश गोगी, ईश्वर मैहला, सुलतान मुन्नारेहड़ी, अजमेर गोलन, रणदीप कौल, सतपाल मलिक, रामपाल लाकड़ा नंबरदार आदि मौजूद थे।