32 साल पुराना महिला मंडल भवन हादसे को दे रहा दावत
अमर उजाला ब्यूरो
राजौंद। गांव बीरबांगडा में खंडहर अवस्था में 32 वर्ष पुराना महिला मंडल के गिरने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। आलम यह है भवन की दीवारों में बड़ी बड़ी दरारें आ चुकी है। दूसरा हर समय लावारिस पशु इसमें गंदगी फैलाते है। जिससे इसके आसपास रहने वाले लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर है। ग्रामीण कुलदीप, शमशेर, रामबीर, ओमप्रकाश, सुखदेव, अवतार ने बताया कि इस भवन की दीवारें ज्यादातर जमीन में धंस चुकी है। गंदगी से अटा पड़ा यह भवन कभी भी गिर सकता है। दूसरा इसकी दीवारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। गांव के बीच में होने के कारण यह भवन किसी भी समय गिरकर एक बड़े हादसे को अंजाम दे सकता है। इन लोगों ने बताया कि भवन नीचा पड़ने के कारण इसमें पानी की कोई निकासी नही रही, इसमें गंदा पानी भरने से लावारिस पशु हर समय मुंह मारते है। बस्ती के बीच होने के कारण गंदगी फैलने से लोगों का जीवन ओर भी नारकीय बनता जा रहा है। इन लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस भवन का पुन: निर्माण करवाया जाए ताकि किसी हादसे से बचा जा सके।
गांव के सरपंच प्रवीण कुमार ने बताया कि महिला मंडल व उसकी चार दीवार का प्रस्ताव पास कर भेजा हुआ है जैसे ही इसकी ग्रांट मंजूर होगी इसका कार्य शुरू कर दिया जाएगा।