कैथल। तितरम मोड़ पर रास्ता पूछने के बहाने एक किसान को बातों में उलझाकर उसकी बाइक के बैग से 50 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। वारदात के बाद आरोपी कार सहित मौके से भाग गया।
गांव कैलरम निवासी सुभाष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 जुलाई को वह अपने ट्रैक्टर के 90 हजार रुपये लेने के लिए तितरम मोड़ गया था। वहां बंटी सरदार से रुपये प्राप्त करने के बाद उसने परिचित बीरबल को 40 हजार रुपये लौटा दिए जबकि शेष 50 हजार रुपये अपनी बाइक के बैग में रख लिए।
शिकायत के अनुसार, दोपहर करीब 1:50 बजे जब वह तितरम मोड़ से गांव लौट रहा था, तभी एक कार उसके आगे आकर रुकी। कार में बैठे एक बाबा ने कैलरम स्थित ठन्ठु नाथ डेरे का रास्ता पूछा। बातचीत के दौरान वह कुछ देर वहीं रुका और फिर पास में पेशाब करने चला गया।
लौटने पर उसने देखा कि कार वहां से जा चुकी थी और बाइक के बैग की चेन खुली हुई थी। बैग की जांच करने पर उसमें रखे 50 हजार रुपये गायब मिले। पहले उसने अपने स्तर पर आरोपी की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर थाना तितरम में शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले के जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।