संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन/कैथल। नशा मुक्त जिला अभियान के तहत सख्त कदम उठाते हुए संदिग्ध नशा तस्करों की तलाश में जिला पुलिस ने सीवन के सात गांवों के 50 मकानों को खंगाला। अभियान के तहत छह टीमों में शामिल पुलिसकर्मियों ने घरों की अच्छी प्रकार जांच की।
रविवार को एसएचओ सीवन इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में विशेष रणनीति के तहत थाना सीवन, चीका, गुहला, सदर, एंटी नारकोटिक सेल और कमांडो दस्ते के कर्मचारियों को शामिल कर कुल छह पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों में 50 पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात रहे। पुलिस टीमों ने गांव मांझला, फर्शमाजरा, पोलड़, ककहेड़ी, भुना, कांगथली और सीवन में एक साथ करीब 50 घरों की गहन तलाशी ली। पुलिस ने ग्रामीणों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत कर संभावित संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान में सहयोग लिया।
इस मौके पर पुलिस टीमों ने आमजन और युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए जागरूक भी किया। एसपी आस्था मोदी ने स्पष्ट किया कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाइयां लगातार चलती रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मुख्य रूप से नशे के कारोबार पर शिकंजा कसना और नशे के जाल में फंस रहे युवाओं को बचाना है। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें नशा तस्करी या इससे संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें और नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदार बनें।
थाना सीवन के सात गांवों में करीब 50 घरों में छह पुलिस टीमों में शामिल 50 पुलिस कर्मियों ने की जांच
थाना सीवन के सात गांवों में करीब 50 घरों की जांच, छह टीमों में शामिल 50 पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
फोटो : 07 व 09