कैथल। गांव भैणी माजरा में स्थित कपिस्थल नंदीशाला में चारे संकट से जूझ रहे गोशाला संचालकों ने चारे व बिजली कनेक्शन की समस्या पर कार्यालय में एडीसी आरके सिंह से मिले। उन्होंने एडीसी को गोशाला का संचालन करने में आ रही कठिनाइयों की जानकारी दी।
गोशाला संरक्षक सुरेश बंसल, प्रधान पप्पू, काबज राम, जोगेंद्र सहित अन्य पदाधिकारी मंगलवार को एडीसी से मिलने के लिए पहुंचे। इस दौरान पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि गांव भैणी माजरा में नगर परिषद की जमीन में गोशाला तो बना दी। लेकिन इसके निर्माण के बाद इसे भूल गई। जिससे यहां संचालकों को आए दिन परेशानियां झेलनी पड़ रही है। यहां पर बिजली कनेक्शन व चारे के संकट से परेशान पदाधिकारियों ने गोशाला कमेटी के पदों से इस्तीफा देने की चेतावनी दे डाली। लेकिन बाद में एडीसी ने इस बात पर हस्तक्षेप करते हुए उन्हें तीन दिन में समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। जिस पर पदाधिकारियों ने अपनी सहमति जताई।
स्थापना से लेकर अब तक चारे से संकट से जूझ रहे : बता दें कि कपिस्थल नंदीशाला की स्थापना वर्ष 2017 की जुलाई में हुई थी। लेकिन स्थापना से लेकर अब तक गोशाला का संचालन कर रहे पदाधिकारियों के सामने इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।