बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम के नजदीक ‘अपनी राहें-अपनी आजादी’ राहगीरी कार्यक्रम आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। पुलिस-प्रशासन की ओर से रविवार की सुबह महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम के नजदीक करनाल रोड पर अपनी राहें-अपनी आजादी राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूल के बच्चों के साथ-साथ स्थानीय आम जन व छोटे-छोटे बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। राहगीरी में जहां मौजूद लोगों ने इन पलों का खूब आनंद लिया वहीं सड़क से गुजर रहे व्यक्ति भी इन कार्यक्रमों को देखकर वहीं रुक कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएसपी कुलवंत सिंह, कुलभूषण तथा डीएसपी विनोद शंकर ने दीप शिखा प्रज्ज्वलित करके किया।
डीएसपी कुलवंत सिंह ने कहा कि राहगीरी कार्यक्रम से तनाव से मुक्ति मिलती है। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज लव डांस अकादमी की छात्रा पूर्वी शर्मा ने पंजाबी गीत पर नृत्य करके किया। इसके बाद खुशी ने हरियाणवी गीत मनै लैहंगा सिमाणा की प्रस्तुति देकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। छोटी बच्ची प्रियांशु ने नृत्य करके कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। इसी प्रकार हरदिल ने पंजाबी गीत पर नृत्य करके दर्शकों को अपने साथ नाचने पर मजबूर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्राची ने छन-छन बोलै मेरी तागड़ी पर नृत्य करके दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। डा. महिपाल पठानिया ने जिंदगी एक सफर है सुहाना गाकर दर्शकों को अपने मोहपाश में बांध लिया। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के समूह ने विश्व प्रसिद्ध पंजाबी सांस्कृति से ओत-प्रोत भंगड़ा की प्रस्तुति दी। वेद कुमार ने जिंदगी की सच्चाई को व्यक्त करती हुई कविताएं और धार्मिक गीत की प्रस्तुति दी। जतिन, मोहित अरोड़ा और लविश ने भी नृत्य पेश किया। कार्यक्रम के अंत में वंश शर्मा ने भी अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर मोहन नायक, लाजपत राय सिंगला, सुनील कुमार, लव शर्मा, राजेश कुमार, महिपाल पठानिया, सतबीर सिंह, अंजू गंभीर, कृष्ण कुमार, सतपाल सिंह उपस्थित रहे।
फोटो संख्या-6 से 8