पूंडरी-हरिद्वार तक सीधी बस सेवा शुरू
पूंडरी। उतराखंड परिवहन की ओर से पूंडरी से हरिद्वार की सीधी बस सेवा शुरू की गई है। जिससे यहां के लोगों में खुशी का माहौल है। पूंडरी से हरिद्वार के लिए सीधी बस सेवा के तहत रविवार को बस साढ़े चार बजे पूंडरी पहुंची। पूंडरी बस स्टैंड में पहुंचने पर कस्बा के लोगों ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को फूल मालाएं पहनाकर उतराखंड परिवहन का आभार जताया। फतेहपुर निवासी समाजसेवी विशु वालिया ने बताया कि 25 अगस्त 2018 को अहलुवालिया बिरादरी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और उतराखंड सरकार परिवहन बोर्ड के सदस्य रकित अहलुवालिया जब गांव फतेहपुर में आए थे तो गांव वासियों ने उनके समक्ष पूंडरी से हरिद्वार के लिए सीधी बस सेवा शुरू करवाने की मांग रखी थी। जिसे उन्होंने अपने बोर्ड में रखा और वहां से मंजूरी मिलने के बाद हरिद्वार से पूंडरी के लिए सीधी बस सेवा रविवार को पूंडरी पहुंची। इस मौके पर लक्की वालिया एडवोकेट, नितिन वालिया, डॉ. मोहन धीमान, प्रमोद शर्मा, सुनील अहलुवालिया, बीर सिंह, राममेहर जाट, नीरज वालिया, विनोद वालिया, संजय वालिया, नरेश कश्यप, तरूण वालिया, महेंद्र वालिया, दीक्षांत वालिया, नितेश वालिया, हरिपाल वालिया, शमशेर बाल्मीकि व पंच गुरनाम सिंह सहित गांव के गणमान्य लोग मौजूद थे।
यह रहेगा बस का रूट
बस के ड्राइवर मदनलाल व कंडक्टर इर्शाद खान ने बताया कि बस हरिद्वार से रुड़की, सहारनपुर, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, ढांड होती हुई पूंडरी पहुंचेंगी। हालांकि बस का सही समय अभी तक तय नहीं हो पाया है, लेकिन अनुमान है कि सुबह सात बजे हरिद्वार से चलकर दोपहर दो बजे बस पूंडरी पहुंचेंगी और यहां से दोपहर अढ़ाई बजे बस हरिद्वार के लिए चलेगी।