बलराज नगर में बिजली विभाग की टीम का विरोध, महिलाओं ने निकाली गाड़ी की चाबी
कैथल। बिजली निगम के एसडीओ व टीम को बलराज नगर गली नंबर दो में विरोध का सामना करना पड़ा। महिलाओं ने टीम की गाड़ी की चाबी निकाल ली। जिससे टीम वहां से निकल नहीं सकीं। बाद में लोगों के हटाए गए मीटर दोबारा लगाए जाने पर ही टीम वहां से निकल सकी।
बलराज नगर निवासी रामेश्वर ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे निगम के कर्मचारियों ने उन्हें बिना बताए उनकी लाइट काट कर घर के बाहर लगा उनका मीटर उतार लिया। लाइट जाते ही परिवार के लोगों ने बाहर देखा तो कर्मचारी मीटर को ले जा रहे थे। उन्होंने विरोध किया तो निगम के कर्मचारियों ने बताया कि इस घर में रात के समय बिजली चोरी हो रही थी। इसकी उन्होंने रात को वीडियो भी बनाई है। जब उन्होंने वीडियो दिखाने के लिए कहा तो वे कुछ भी दिखा नहीं पाए। इसके बाद वहां पूरी गली के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने चोरी नहीं की तो उनका मीटर किस कारण से उतारा गया। इसके बाद लोगों के दबाव के चलते निगम के कर्मचारी मीटर को दोबारा लगा दिया। इसके बाद ही लोग शांत हुए। उधर, टीम ने सिविल लाइन पुलिस थाने में मामले की शिकायत दी है।