डीसी ने मांगा स्पष्टीकरण
सीएम के कार्यक्रम में सरपंचों को बुलाने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बिना सीएम की इजाजत के सरपंचों को बुलाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर गाज गिर सकती है। डीसी संजय जून ने डीसी कार्यालय और डीडीपीओ कार्यालय के कर्मचारी व अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है कि यह लापरवाही किस अधिकारी ने की है।
रविवार को आरकेएसडी कॉलेज हाल में जनप्रतिनिधियों की बैठक में सरपंच भी पहुंच गए थे। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने सरपंचों को बुलाए जाने पर कहा कि उन्होंने सरपंचों से मिलने का कार्यक्रम नहीं बनाया था। इसलिए सरपंचों को बैठक से बाहर जाना पड़ा। बाद में मुख्यमंत्री ने इस मामले में डीसी से स्थिति स्पष्ट करने को कहा कि सरपंचों को किसके कहने पर बुलाया गया है। सरपंचों द्वारा रोष प्रकट किए जाने के बाद सीएम ने उनके साथ बैठक भी की। इसके बाद आला अधिकारियों ने भी जिला प्रशासन से इस बारे में स्थिति स्पष्ट करने को कहा। जिस पर डीसी ने अब आगे अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
डीसी संजय जून ने कहा कि डीसी कार्यालय व डीडीपीओ कार्यालय के कुछ कर्मचारियों व अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। पता लगाया जा रहा है कि यह लापरवाही किस स्तर पर हुई है।