किसानों की मदद करने के बजाय मौत की नींद सुला रही भाजपा: करोड़ा
कैथल। इनेलो जिलाध्यक्ष पंडित कंवरपाल करोड़ा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में देश के किसानों को स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, कर्जे माफ करने, फसलों की लागत के अनुसार लाभकारी समर्थन मूल्य देने के बड़े-बड़े वादे करने वाली भाजपा सत्ता हासिल करने के बाद अपने इन वादों को भूल गई। जब किसान उनके वादे याद करवाने के लिए देश भर में सड़कों पर उतर रहे हैं तो मध्य प्रदेश सरकार गोलियां मारकर उन्हें मौत के घाट उतार रही है। ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं इसलिए मध्य प्रदेश सरकार को बर्खास्त किया जाए। बातचीत करते हुए करोड़ा ने कहा कि इसी कड़ी में किसानों के हकों की आवाज उठाने के लिए 2 जुलाई को प्रतिपक्ष नेता अभय सिंह चौटाला दोपहर 3 बज शहनाई पैलेस में जिला इनेलो कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे। इनेलो नेता ने कहा कि पहले तो पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने चुनावी वादों को पूरा करने में असमर्थता जता दी तो अब किसानों को बरगलाने के लिए एक नया वादा लेकर आए हैं कि वे 2022 तक किसानों की आमदनी को दुगुना कर देंगे, जो कि मात्र ढकोसला मात्र है।