किसानों पर फायरिंग के विरोध में आप का प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। मध्यप्रदेश में किसानों पर फायरिंग के विरोध में गांव क्योडक़ में आम आदमी पार्टी व किसानों ने विशाल प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला भी फूंका। प्रदर्शन की अध्यक्षता आम आदमी पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष विकास तंवर ने की। युवा जिलाध्यक्ष विकास तंवर ने कहा कि किसानों की जिंदगी आज इतनी मुश्किल हो गई है कि आज फसल के उचित दाम न मिलने से उन्हें आत्महत्या तक करनी पड़ रही है। भाजपा ने चुनावों से पहले स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने का दावा किया था, लेकिन आज केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार है तो वे अपने वायदे से मुकर रहे हैं। किसानों की हत्या का खामियाजा भाजपा सरकार को आने वाले चुनावों में भुगतना पड़ेगा। विकास ने कहा कि केंद्र सरकार ने फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों को लूटने का काम किया है, क्योंकि बीमा के नाम पर किसानों से 21 हजार करोड़ वसूले गए और बदले में किसानों को मुआवजे के नाम पर सिर्फ 714 करोड़ रुपये दिए गए। गरीब किसान द्वारा लोन न चुकाने पर उन्हें डिफाल्टर घोषित किया जाता और उनकी जमीन तक कुर्क कर ली जाती है, लेकिन सच्चाई ये है कि बैंकों की डिफाल्टर राशि में किसानों का हिस्सा सिर्फ 1 प्रतिशत है और बाकी बड़े पूंजीपतियों का है, जो पैसा लेकर विदेश भाग गए हैं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रघुबीर सिंह हाबड़ी, गुहला हलकाध्यक्ष गुरमीत सिंह, सुरेश बेगपुर, बीरमपाल, रोहताश, श्याम लाल, रामकुमार सहित सैंकड़ों किसान उपस्थित थे।